कई नेता बसपा से टूटकर कांग्रेस में हुए शामिल, प्रधान लक्की ने प्रेस को किया संबोधित

चण्डीगढ़। काग्रेंस को एक नयी ताकत प्रदान करते हुए बहुजन समाज पार्टी के अध्यक्ष गुरचरण सिंह कंबोज, उपाध्यक्ष एस ए खान, जसपाल सिंह और अजय बग्गा के नेतृत्व में चण्डीगढ़ बसपा के सैकड़ों कार्यकर्ता और अन्य पदाधिकारी आज यहां कांग्रेस भवन, सेक्टर 35 में चंडीगढ़ कांग्रेस में शामिल हो गए. अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने बसपा नेताओं का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया.

इस अवसर पर बोलते हुए गुरचरण सिंह कंबोज ने कहा कि एक सामन्तवादी विचार धारा की भारतीय जनता पार्टी के दबाव में आकर बहुजन समाज पार्टी अपनी मौलिक उद्देश्यों से पूरी तरह से भटक चुकी है। मायावती के नेतृत्व में बसपा भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है, जिसका निशाना केवल कांग्रेस के वोटों में काट कर बीजेपी की मदद करना है। कम्बोज ने सभी बसपा कार्यकर्ताओं से कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने और उसमें शामिल होने की अपील की, जो सही मायने में एक समावेशी और बहुलवादी एजेंडे का पालन करती है। एस ए खान, उपाध्यक्ष चंडीगढ़ बसपा ने भी 137 साल पुरानी पार्टी के मंच पर नए जोश के साथ चंडीगढ़ के लोगों की सेवा में खुद को शामिल करने का संकल्प लिया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने बसपा नेताओं को कांग्रेस के सदस्यों के रूप में नामांकित करते हुए भाजपा को उसके विभाजनकारी एजेंडे के लिए लताड़ा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां देश के सामाजिक और राजनीतिक ताने-बाने में गहरी दरारें पैदा कर रही है और “मौजूदा केन्द्र सरकार का एकमात्र एजेंडा आर्थिक रूप से मध्यम और गरीब वर्गों की कीमत पर अमीर कॉरपोरेट के एक वर्ग की मदद करना है। कांग्रेस शुरु से ही भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे और मोदी द्वारा समय समय पर पास किए जन विरोधी कानूनों जैसे कि 3 काले कृषि कानून, भूमि अधिग्रहण बिल और सीएए शामिल हैं, के विरोध में लगातार लड़ती रही है। भाजपा की यही नीतियां देश में मंदी, आर्थिक तंगी और अभूतपूर्व बेरोजगारी का कारण बन रहीं है। बंसल ने आगे कहा कि देश में बिगड़ती आर्थिक स्थिति और बेरोजगारी की उच्चतम दर से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सरकार अलग अलग तरह के हथकंडे अपना रही है, जिसमें विपक्षी दलों के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग शामिल है।

बंसल ने सरकार द्वारा आम सहमति बनाए बिना, मनमर्जी से ‘अग्निपथ योजना’ लाकर सशस्त्र बलों की भर्ती और प्रशिक्षण प्रक्रियाओं में मनमाने ढंग से छेड़छाड़ करने की भी आलोचना की। उन्होंने मांग की कि रक्षा कर्मियों का कार्यकाल 16-17 वर्ष से कम नहीं होना चाहिए, ताकि वे एक परिपक्व उम्र में सेवानिवृत्त हो जाएं, जिससे उन्हें नागरिक जीवन में आसानी से समाहित होने और व्यापार और उद्योग में नौकरियां ढूंढने में मदद मिलेगी।

चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम के कुप्रबंधन के कारण चंडीगढ़ तेजी से अपनी चमक खो रहा है. उन्होने नये शामिल हुए नेताओं से शहर के खोए हुए गौरव को वापस लाने के लिए काग्रेंस पार्टी के मंच से अथक प्रयास करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.