कांग्रेस भ्रष्ट तो आम आदमी पार्टी महाभ्रष्ट : पंडित मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़। भाजपा का सदस्यता अभियान को सफल बनाने में जुटे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली लगातार जिलों में प्रवास कर रहे हैं। सोमवार को भी प्रदेश अध्यक्ष ने पानीपत, करनाल और कुरूक्षेत्र में प्रवास किया और अभियान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से दिए गए लक्ष्य को पूरा करने का आग्रह भी किया।
करनाल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्ट है तो आम आदमी पार्टी महाभ्रष्ट है। उन्होंने कहा कि दोनों ही पार्टियां अपनी जिम्मेदारी से बचती है और अर्नगल बयानबाजी करती है। कांग्रेस पार्टी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी कमजोर हो चुकी है और अंदरूनी झगड़ों में फंसी हुई है। परिवारवादी कांग्रेस अपने परिवारों को बचाने की लड़ाई में उलझी है, इसलिए अपने भाई व बेटों को स्थपित करने में जुटी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हर बूथ पर 250 से अधिक लोगों को पार्टी का सदस्य बनाने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया गया है। हरियाणा में 50 लाख लोगों को भाजपा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है जिसे हम जल्द ही पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान का मूल मकसद पार्टी को मजबूत करना है और मजबूत संगठन की ताकत से जनसेवा करना है।
*दिल्ली की सीएम आतिशी ने पराली देखी भी नहीं होगी*
दिल्ली की सीएम आतिशी के पराली को लेकर दिए गए बयान पर बड़ौली ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री ने पराली देखी भी नहीं होगी और पराली के बारे में जानती भी नहीं होगी। आतिश को पहले खेतों में जाकर पराली देखनी चाहिए यह भी देखना चाहिए कि पराली बनती कैसे है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को कम करने की व्यवस्था करनी चाहिए, लेकिन आम आदमी पार्टी के नेता अपनी जिम्मेदारी से बचते हैं और किसानों के नाम का सहारा लेते हैं। देश का किसान जागरूक है और पर्यावरण प्रेमी है। किसान अन्न पैदा कर देश के लोगों का पेट भरते हैं और पर्यावरण की रक्षा भी करते हैं। भाजपा सरकार ने किसानों को जागरूक किया है। पराली प्रबंधन की व्यवस्था की है। आज हरियाणा में एक एकड़ की पराली 7 हजार से लेकर 10 हजार रुपये तक बिकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.