किशन कपूर को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान… मोदी सरकार ने दी हिमाचल को करोड़ों की सौगात: जयराम ठाकुर

शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा एवं सहयोगी दलों को 2014 के लोकसभा चुनावों से भी अधिक सीटें मिलेंगी क्योंकि देश के लोग विगत पांच वर्षों में केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा किए गए अभूतपूर्व विकास से संतुष्ट हैं और विकास की इस गति को बिना किसी रूकावट के आगे बढ़ाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री आज जिला कांगड़ा के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र जवाली में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर के पक्ष में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि देशवासियों ने तय कर लिया है कि इस बार भी नरेंद्र मोदी को ही प्रधानमंत्री बनाएंगे क्योंकि मोदी सरकार ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कर देश का नाम ऊंचा किया है। उन्हांने कहा कि मोदी सरकार का 5 साल का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है जबकि  इससे पूर्व केंद्र में 10 साल तक यूपीए की सरकार सत्ता में रही  थी  जो देश का विकास नहीं घोटाले का कार्यकाल रहा है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि इन लोकसभा चुनावों में कांगेस अपनी हार को देखते हुए  उसके दिग्गज नेता अमर्यादित तथा अशोभनीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं जो स्वस्थ लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा कि अभद्र टिप्पणी करने वाले कांग्रेस के नेताओं को देश की जनता माफ नहीं करेगी तथा लोकसभा चुनावों में उन्हें करारा जवाब देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने ईमानदारी  व पूर्ण निष्ठा के साथ देश की जनता की सेवा की है और आज देश विकास के पथ पर निरन्तर अग्रसर है। उन्हांने कहा कि मोदी सरकार द्वारा अनेक कल्याणकारी एवं  ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गई हैं जो जनता के लिए वरदान साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.