चुनाव में एक तरफ देशभक्त भाजपा, दूसरी तरफ भ्रष्टाचारियों का टोला कांग्रेस : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को फरीदाबाद में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। यह रैली फरीदाबाद भाजपा प्रत्याशी विपुल गोयल और तिगांव भाजपा प्रत्याशी राजेश नगर के समर्थन में की गई। अमित शाह ने रैली में भाजपा की उपलब्धियां गिनवाई और कांग्रेस को जोरदार तरीके से घेरा। अमित शाह ने कहा कि इस चुनाव में दो खेमें स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, एक ओर देशभक्तों की टोली भाजपा है और दूसरी ओर भ्रष्टाचारियों का टोला कांग्रेस के साथ इकट्ठा हुआ है। जनता को इन दोनों के बीच तय करना है कि हरियाणा किसके हाथों में सुरक्षित और विकसित रहेगा। रैली में हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर, भाजपा नेता राजकुमार वोहरा, शिक्षामंत्री सीमा त्रिखा आदि उपस्थित रहे।
भाजपा का कार्य समाज का कल्याण करना है और कांग्रेस का कार्य परिवार कल्याण करना है। भाजपा का संकल्प विकसित हरियाणा और विकसित भारत है, लेकिन कांग्रेस का संकल्प परिवार का पोषण करने का है। अमित शाह ने कहा कि हथीन से लेकर थानेसर और पलवल तक कांग्रेस की रैलियों में पाकिस्तान जिन्दाबाद के नारे लगाए गए हैं, हरियाणा की जनता बताएं कि क्या हरियाणा की भूमि पर पाकिस्तान के नारे लगने देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हरियाणा को भी तुष्टीकरण में झोकना चाहती है।
अमित शाह ने यह भी कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी भाजपा के सामने नहीं, बल्कि कांग्रेस के नेता एक दूसरे के सामने लड़ रहे हैं। सैलजा हुड्डा के सामने और हुड्डा सुरजेवाला के सामने लड़ रहे हैं। जो अभी से अंदर-अंदर लड़ रहे हैं वो प्रदेश का विकास कैसे करेंगे, एक अनार-सौ बीमार वाली कांग्रेस पार्टी हरियाणा का विकास नहीं कर सकती। रैली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि इस क्षेत्र ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने बहुत बड़ा काम किया है। यहां का सूरज कुंड पूरे देश में विख्यात है। उन्होंने कहा कि इस भूमि को संत सरदार की भूमि भी कहा जाता है। हरियाणा में आने वाली 5 तारीख को चुनाव होने वाला है और हरियाणा की जनता तीसरी बार भाजपा को चुन रही है।