‘‘मोदी सरकार के 11 साल-संकल्प से सिद्धि तक के तहत सोनीपत में हुई भाजपा की लोकसभा स्तर की कार्यशाला

चंडीगढ़ : ‘‘मोदी सरकार के 11 साल-संकल्प से सिद्धि तक’’ लोकसभा स्तर की कार्यशाला में भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मोदी सरकार के 11 साल में भारत को दुनिया का सबसे तेजी से बढ़ता देश बताया। डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की सैन्य शक्ति और आर्थिक ताकत तेजी से बढ़ रही है। जबकि प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए ऑपरेशन सिंदूर को भारत की बढ़ती सामरिक शक्ति का प्रतीक बताया।
सोनीपत भाजपा कार्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में अन्य नेताओं ने मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की। इस कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, मंत्री राजेश नागर, राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा, विधायक देवेंद्र अत्री, विधायक निखिल मदान, विधायक पवन खरखौदा, पूर्व मंत्री बिशम्बर वाल्मीकि, कार्यशाला के संयोजक सतीश नांदल, सोनीपत मेयर राजीव जैन, सोनीपत जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जींद जिला अध्यक्ष तेजेन्द्र ढुल, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने भी अपने विचार रखे। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने संगठनात्मक विषयों पर कार्यकर्ताओं को जानकारी दी। भाजपा प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष ने सोनीपत जिला भाजपा कार्यालय परिसर में ’एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधारोपण भी किया।
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में ’संकल्प से सिद्धि’ के लक्ष्य के प्रति संकल्पित होकर देश के सभी वर्गों के उत्थान लिए चलाई जा रही जनहितकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, सशक्त और मजबूत हो रहा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की सैन्य शक्ति और आर्थिक ताकत तेजी से बढ़ रही है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेना ने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है।
डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रतिष्ठा पूरे विश्व में अपने चरम पर पहुंच गई है। डा. पूनिया ने कहा कि अब भारत दूसरे देशों पर निर्भर नहीं रहता है। हमारी गिनती शीर्ष चार अर्थव्यवस्था वाले देशों में होती है। पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 11 साल उपलब्धियों वाले रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष विकास को समर्पित रहे हैं। देश ने पिछले एक दशक में विरासत से विकास की प्रेरणादायक यात्रा का अनुभव किया है। श्री बड़ौली ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि सेवा, सुशासन और सतत विकास के रहे हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास“ के मूलमंत्र को लेकर भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।