शनिवार-रविवार को तीव्र सदस्यता अभियान चलाकर दो दिन में 20 लाख सदस्य बनाएगी भाजपा

चंडीगढ़। भाजपा का सदस्यता अभियान हरियाणा में जोरों पर है और अब तक लगभग 12 लाख का आंकड़ा छू भी लिया है। अब भाजपा 23 और 24 नवंबर को विशेष तीव्र अभियान चलाकर 20 लाख लोगों को दो दिनों में पार्टी से जोड़ेगी। इन दो दिनों तक चलने वाले अभियान पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली की कड़ी नजर रहेगी। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष समेत तमाम बड़े नेता पर्यवेक्षक के रूप में हर जिले में मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष का दावा है कि हम जल्द ही 50 लाख का आंकड़ा पार करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के 20 हजार 629 बूथों पर कार्यकर्ताओं को 250 लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य दे रखा है। हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी से जोड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि 23 और 24 नवंबर को प्रदेश के 316 मंडलों पर कार्यकर्ताओं के साथ चाय के कार्यक्रम होंगे। पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता 10-10 घरों में जाकर लोगों को पार्टी की नीतियां बताएंगे और भाजपा से जोड़ेंगे। इन दो दिनों में अब तक जितने सदस्य बनें है उसकी समीक्षा भी होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का ध्येय वाक्य है, देश प्रथम, पार्टी द्वितीय और हम या हमारा परिवार बाद में। इसी मंत्र पर भाजपा के कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में जुटे हैं। मोहनलाल बडौली ने दावा करते हुए कहा कि हरियाणा में 50 लाख से अधिक लोग भाजपा से जुड़कर एक रिकार्ड बनाएंगे। कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि सक्रिय सदस्य बनने के लिए सभी को आगे आकर कार्य करना जरुरी है। जो भी भाजपा से जुड़ना चाहते सभी को सदस्य बनाने के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश भी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दो दिवसीय सदस्यता के सघन अभियान के प्रवास के दौरान भाजपा के नेता अभियान में जुटे कार्यकर्ताओं के घर पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि दो दिनों के विशेष अभियान के बाद भी सदस्यता अभियान जारी रहेगा और हम कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर 50 लाख का आंकड़ा सफलतापूर्वक पार कर लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.