अंबाला से सांसद और भूतपूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया पंच तत्व में विलीन

चंडीगढ़:~भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंबाला से सांसद और भूतपूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रतन लाल कटारिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और परिवार को यह दुख: सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ विरेंद्र कुमार के माध्यम से भेजे गए शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि रतन लाल कटारिया को सार्वजनिक सेवा के लिए समृद्ध योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं हैं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी अंबाला से सासंद स्वर्गीय रतनलाल कटारिया के निधन पर आज उनके पंचकूला आवास पंहुच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और इस दुख की घड़ी में परिवारजनों का ढांढस बंधाया। रतनलाल कटारिया (72) ने आज प्रातः लगभग 3.30 बजे पीजीआई चंडीगढ में अंतिम सांस ली। वे काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी उपस्थित थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुये मनोहर लाल ने कहा कि रतनलाल कटारिया के निधन से हरियाणा की राजनीति में काफी रिक्तता आई है। उन्होंने कहा कि रतनलाल कटारिया भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। इसके अलावा वे हरियाणा विधानसभा में रादौर से सदस्य और मुख्य संसदीय सचिव और केंद्र में मंत्री भी रहे हैं। कटारिया ने तीन बार अंबाला लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से पार्टी को भारी क्षति हुई है। वे प्रभु से प्रार्थना करते है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और परिवार के सदस्यों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें।
मनोहर लाल ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से रतनलाल कटारिया की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ की गई। उनके निधन पर एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। रतनलाल कटारिया के साथ अपने अनुभव साझा करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पार्टी के संगठन महामंत्री होने के नाते रतनलाल कटारिया के साथ तीन साल तक काम करने का अवसर मिला। रतनलाल कटारिया हंसमुख प्रवृति के और मृदु भाषी थे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने किसी भी व्यक्ति को आहत नहीं किया। उनका अपने विचारों को गानों की तर्ज पर प्रस्तुत करने के अंदाज से विपक्ष के लोग भी कायल थे। उनका यह अद्भुत गुण हम सबको बहुत पसंद आता था। मनोहर लाल ने कहा कि रतनलाल कटारिया गरीब परिवार से संबंध रखते थे और अपनी मेहनत के बल पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री तक का सफर तय किया। उनके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी काफी अच्छे संबंध थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.