आईपीएल में धोनी के नाम जुड़ा एक और रिकॉर्ड
नई दिल्ली । क्रिकेट के खेल में रिकॉर्ड की बात हो तो महेंद्र सिंह धोनी का नाम स्वभाविक तौर पर शामिल होता है । आईपीएल में भी धोनी के नाम एक नया कीर्तिमान जुड़ा है।
इस बार महेंद्र सिंह धोनी विकेट के पीछे सबसे ज्यादा शिकार करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।आईपीएल के 12वे संस्करण के खिताबी मुकाबले में महेंद्र सिंह धोनी ने दीपक चाहर की गेंद पर रोहित शर्मा का कैच पकड़ सबसे ज्यादा शिकार करने वाले विकेटकीपर बन गये। धोनी के नाम विकेट के पीछे 132 शिकार दर्ज हैं। धोनी से पहले यह रिकॉर्ड दिनेश कार्तिक के नाम था। कार्तिक ने विकेट के पीछे 131 शिकार किए थे।धोनी ने अपने नाम रिकॉर्ड दर्ज करने के दौरान 94 कैच और 38 स्टंपिंग किए। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज कार्तिक ने 101 कैच 30 स्टंपिंग के साथ 131 शिकार किए हैं। इसके अलावा रॉबिन उथप्पा ने 90 और पार्थिव पटेल ने 82 शिकार विकेट के पीछे किए हैं।उल्लेखनीय है कि इस मैच से पहले धोनी के नाम 130 शिकार थे। इस मैच में पहले उन्होंने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर मुंबई के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक का कैच पकड़ा, फिर अगले ही ओवर में दीपक चाहर की गेंद पर रोहित शर्मा का कैच लपक कर रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।