आम आदमी पार्टी मेरी मां के समान: केजरीवाल
विजय यात्रा में पहुँचे केजरीवाल ने चंडीगढ़ का किया धन्यवाद हजारों की संख्या में समर्थकों ने किया स्वागत
जीते हुए पार्षदों को गद्दारी ना करने की दिलाई शपथ
चंडीगढ़ । चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पहली बार मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी ने 35 सीटों में से 14 सीटें जीती और सबसे बड़ी पार्टी बनी। जीत से उत्साहित पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आप को जीत दिलाने के लिए चंडीगढ़ में विजय यात्रा निकाल कर लोगों को धन्यवाद किया। अरोमा लाइट प्वाइंट से विजय यात्रा की शुरुआत की। उनके स्वागत के लिए तोरण द्वार बनाए गए थे। विजय यात्रा के लिए पार्टी के झंडे और बैनर से लैस कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे थे। एक गाड़ी को सजाया गया था, जिस पर थैंक्यू चंडीगढ़ लिखा था और अरविंद केजरीवाल की तस्वीर थी।रोड शो के दौरान देशभक्ति गाने बजाए जा रहे हैं, जिनमें मेरा रंग दे बसंती चोला गीत खूब बजाया गया। वहीं, केजरीवाल के साथ पंजाब से आप सांसद भगवंत मान सहित अन्य बड़े नेताओं के साथ चंडीगढ़ के सभी आप नेता प्रेम गर्ग,विजय कुमार,प्रदीप छाबडा,चंद्रमुखी शर्मा भी मौजूद थे। जो एक गाड़ी में सवार थे और लोगों को अभिवादन स्वीकार कर रहे थे। विजय यात्रा अरोमा लाइट प्वाइंट से 22 और 23 के लाइट प्वाइंट तक गई। इस यात्रा में आम आदमी पार्टी के सभी विजेता पार्षद और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। अरविंद केजरीवाल आप का मेयर बनाने और बहुमत का आंकड़ा पाने के लिए अपनी बिसात तैयार करेंगे।इस दौरान केजरीवाल ने पार्षदों को शपथ भी ग्रहण करवा दी। जिसमें उन्होंने सभी पार्षदों को कसम खिलाई कि वह किसी भी सूरत में पार्टी से गद्दारी नहीं करेंगे |