उत्तराखंड में फिर से पांचों सीटों पर खिला कमल, कांग्रेस का सूपड़ा साफ
देहरादून। उत्तराखंड में सभी पांचों लोकसभा सीटों के चुनाव परिणामों की गुरुवार देर रात घोषणा कर दी गई। पांचों सीटों पर लगातार दूसरी बार कमल खिला है। साथ ही राज्य में लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। 11 अप्रैल को प्रथम चरण में हुए मतदान में उत्तराखंड में कुल 61.50 प्रतिशत मतदान हुआ था। गुरुवार को आए नतीजों में कांग्रेस को एक बार फिर से निराशा हाथ लगी। वर्ष 2014 के चुनाव में भी प्रदेश की पांचों सीटे भाजपा की झोली में गई थी। इस बार के परिणामों में विजयी उम्मीदवार का निकटतम प्रतिद्वंदी से जीत का अंतर बहुत ज्यादा रहा।अल्मोड़ा लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अजय टम्टा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के प्रदीप टम्टा को दो लाख 21 हजार 154 वोट से हराया है। अजय टम्टा को कुल चार लाख 31 हजार 277 मत प्राप्त हुए। जबकि प्रदीप टम्टा को केवल दो लाख 10 हजार 123 मत प्राप्त हुए। अजय वर्ष 2014 में भी इसी क्षेत्र से सांसद चुने गए थे। तब उनके विजय का अंतर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से मात्र 95090 था। अजय केंद्र में वस्त्र उद्योग राज्यमंत्री हैं।पौड़ी गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत विजयी घोषित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस के मनीष खंडूरी को कुल 2 लाख 85 हजार तीन मतों से शिकस्त दी है। वर्ष 2014 में मनीष खंडूरी के पिता भुवन चन्द खंडूरी अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से एक लाख 84 हजार 526 मतों के अंतर से जीते थे। तीरथ सिंह रावत को कुल 487613 प्राप्त हुए जबकि मनीष खंडूरी को 202610 मत प्राप्त हुए। हरिद्वार से निवर्तमान भाजपा सांसद रमेश पोखरियाल निशंक ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के अम्बरीश कुमार को 2 लाख 58 हजार 729 मतों के अंतर से पराजित किया है। जबकि वर्ष 2014 में निशंक ने अपने प्रतिद्वंदी को एक लाख 77 हजार 822 मतों से हराया था। निशंक ने इस बार छह लाख 65 हजार 674 मत प्राप्त कर विजय हासिल की जबकि अम्बरीश चार लाख छह हजार 945 मत प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहे। बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार डॉ. अन्तरिक्ष सैनी एक लाख 73 हजार 528 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।इसी तरह नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को सर्वाधिक कुल तीन लाख 39 हजार 96 वोटों के अंतर से हराया। वर्ष 2014 में इस क्षेत्र के विजयी भाजपा के प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को दो लाख 84 हजार 717 मतों के अंतर से पराजित किया था। इस बार अजय भट्ट को सात लाख 72 हजार 195 और हरीश रावत को 4 लाख 33 हजार 99 वोट मिले हैं।टिहरी लोकसभा क्षेत्र की निवर्तमान सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को 2 लाख 93 हजार 390 मतों के अंतर से शिकस्त देने में कामयाबी पाई है। वर्ष 2014 में लक्ष्मी शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को एक लाख 92 हजार 503 मतों से पराजित किया था। लक्ष्मी शाह इस बार 5 लाख 54 हजार 431 मत प्राप्त कर विजयी हुईं। जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह 2 लाख 61 हजार 41 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे।