कांग्रेस व भाजपा एशिया के सबसे सुंदर शहर का बेड़ा गर्क किया:केजरीवाल

चंडीगढ़। 24 दिसंबर को चंडीगढ़ में होने वाले नगर निगम चुनाव के प्रचार के लिए आप सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को चंडीगढ़ पहुंचे।उनके पहुँचते ही पंडाल के अंदर व बाहर केजरीवाल ज़िंदाबाद के नारे गूँज उठे | लोगों से अपील करते हुए केजरीवाल ने कहा, “1996 में चंडीगढ़ नगर निगम बनने के बाद आपने 13 साल कांग्रेस को और 12 साल बीजेपी को शासन का मौका दिया, लेकिन दोनों ने मिलकर चंडीगढ़ का बेड़ा गर्क कर दिया। एक मौका 5 साल के लिए आम आदमी पार्टी को दें। हम आपको विकास करके दिखाएंगे। कांग्रेस और बीजेपी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा किसी समय में चंडीगढ़ एशिया का सबसे सुंदर शहर हुआ करता था। लेकिन दोनों पार्टियों ने शहर का बेड़ा गर्क कर दिया। आज स्वच्छता के मामले में चंडीगढ़ 66वें स्थान पर पहुंच गया है।  केजरीवाल ने चंडीगढ़ वासियों को शहर के विकास और सुविधाओं से संबंधित पांच वादे किए। पहला,भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करेंगे। नगर निगम के जो पैसे पहले भाजपा और कांग्रेस के नेता खा जाते थे वे अब लोगों के विकास पर खर्च होंगे। एवं आप का शासन आने पर दिल्ली की तरह चंडीगढ़ के लोगों को भी अपना काम करवाने नगर निगम कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर निगम के कर्मचारी खुद चलकर लोगों के घर आएंगे और उनके सभी काम( राशन कार्ड बनवाना हो या बिजली-पानी का कनेक्शन लेना हो आदि) करेंगे। दूसरा, डड्डू माजरा में जो कूड़े के पहाड़ हैं, उसे खत्म करेंगे। चंडीगढ़ में कहीं भी कूड़ा-कचरा नहीं मिलेगा। तीसरा, दिल्ली की तरह चंडीगढ़ में भी पानी फ्री में मिलेगा। चौथा, सडक़े बनाना, शहर की साफ सफाई करना एवं रख-रखाव से संबंधित सभी अब नगर निगम किया करेगी। पांचवां, महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिल्ली की तरह चंडीगढ़ शहर में भी जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट लगाए जाएंगे। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी को युवाओं की पार्टी बताया और कहा कि हमारी पार्टी में ज्यादातर नेता युवा हैं। चंडीगढ़ में भी हमारे ज्यादातर उम्मीदवार 40 से कम उम्र के हैं। उन्होंने युवाओं से समाज के लिए काम करने और आम आदमी पार्टी का समर्थन करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published.