कांग्रेस सैकडों कार्यकर्ताओं ने पानी के बढे रेटों के खिलाफ प्रदर्शन किया, पुतला फूका

चंडीगढ़। शहर में पानी की बढी कीमतों को लेकर कांग्रेस पार्टी के सैकडों कार्यकर्ताओं ने वीरवार को नगर निगम कार्यालय सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा, स्थानीय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पानी की बढी कीमतों को कम नहीं किया तो इस आंदोलन को और भी तेज करेंगे। प्रदर्शन का नेतृत्व पवन कुमार बंसल और प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला कर रहे थे।

यह धरना अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा पार्टी की स्थानीय इकाई को भाजपा की केंद्र सरकार और चंडीगढ़ नगर निगम की विफलताओं को उजागर करने के लिए दिए गए कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया गया था। धरने में पार्टी द्वारा देश के मध्यम वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को लूटने और उनकी बचत और संपत्ति को अमीर कॉर्पोरेट्स की ओर स्थानांतरित करने के उद्देश्य से मोदी सरकार द्वारा करों में की जा रही अभूतपूर्व वृद्धि की आलोचना की गयी एवं इस बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए भविष्य में इस तरह के कार्यक्रम और जन जागरण अभियान आयोजित करने का फैसला भी लिया गया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए पवन बंसल ने कहा कि अब यह एक नियम बन चुका है कि हर बार जब भाजपा देश में कहीं भी चुनाव जीतती है, तो वह लोगों पर अधांधुध कर बढ़ाकर इसकी खुशी मनाती है। यह भाजपा के अहंकार और तानाशाही रवैये का परिचायक है। उन्होंने आगे कहा कि 2021 के चंडीगढ़ नगरपालिका चुनावों के दौरान चंडीगढ़ के सभी राजनीतिक दलों ने चंडीगढ़ में करों में वृद्धि नहीं करने का वादा किया था। पानी की दरों में भारी वृद्धि को भाजपा द्वारा चंडीगढ़ के लोगों के साथ विश्वासघात करार देते हुए उन्होंने इस मुद्दे पर भाजपा के साथ हाथ मिलाने के लिए आम आदमी पार्टी की भी आलोचना की।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चंडीगढ़ नगर निगम और चंडीगढ़ प्रशासन के सामने चंडीगढ़ के लोगों की आवाज उठाना जारी रखेगी। भाजपा नीत नगर निगम और मोदी सरकार के कुशासन और जनविरोधी नीतियों को उजागर करने के लिए जल्द ही एक जन जागरण अभियान भी शुरू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.