काला को घर वापस लाकर कांग्रेस ने आप और भाजपा को दिया झटका

साधना (चंडीगढ़) l चंडीगढ़ टेरेटोरियल कांग्रेस ने बुधवार को चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी के पूर्व चंडीगढ़ नगर निगम मेयर गुरचरण दास काला को अपने साथ जोड़ कर भाजपा और आम आदमी पार्टी को जबरदस्त झटका दिया। काला दो बार भाजपा और एक बार आजाद पार्षद के रूप में चंडीगढ़ नगर निगम को अपनी सेवाएं दे चुके हैं। मनीमाजरा में काला को एक बड़े वर्ग का समर्थन हासिल है। काला ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत कांग्रेस के साथ ही की थी। काला ने बुधवार को अपने कई साथियों के साथ कांग्रेस में घर वापसी कर ली। 

काबिलेगौर है कि गुरचरण दास काला आम आदमी पार्टी के चंडीगढ़ प्रत्याशी और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के कट्टर समर्थक समझे जाते हैं। भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के दौरान धवन ही काला को भाजपा में लेकर आए थे। इस बीच आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद धवन एक बार फिर काला को खींचने की कोशिश कर रहे थे। मगर इस मामले में कांग्रेस ने बाजी मार ली। काला ने चंडीगढ़ के पूर्व केंद्रीय मंत्री व चंडीगढ़ लोकसभा चुनाव प्रत्याशी पवन कुमार बंसल और चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा की मौजूदगी में घर वापसी की। इस मौके पर बंसल ने काला की घर वापसी को कांग्रेस के लिए शुभ संकेत करार दिया। उन्होंने कहा कि काला एक सरल और लोकप्रिय नेता के अलावा एक सफल प्रशासक भी हैं। चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर के रूप में काला का कार्यकाल एक शानदार उपलब्धि रहा है। काला की घर वापसी से चंडीगढ़ में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। काला की वापसी से उत्साहित बंसल ने इस मौके पर 19 अप्रैल को मनीमाजरा में एक विशाल रैली आयोजित करने का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि काला के कांग्रेस में शामिल होने पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता कांग्रेस में शामिल होने का मन बना रहे हैं। ऐसे कई नेता उनके संपर्क में हैं।काला की घर वापसी पर चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने काला का फूल माला पहना कर स्वागत किया। इस मौके पर छाबड़ा ने सभी कार्यकर्ताओं को कम से कम पांच पांच घरों में कांग्रेस का प्रचार करने की सलाह दी। इस दौरान काला ने तमाम समर्थकों की मौजूदगी में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के प्रपत्र पर भी दस्तखत किए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.