चंडीगढ़ में हड़ताल स्वास्थ्य सेवाएं चरमराई, समय पर सैलरी न मिलने से कर्मचारियों में गुस्सा
चंडीगढ़। शहर के कई अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं उस समय चरमरा गई हैं, जब चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चले गए हैं। सेक्टर 16 स्थित GMSH समेत सेक्टर 22 के सिविल अस्पताल, सेक्टर 45 की डिस्पैंसरी, मनीमाजरा के सरकारी अस्पतालों में कर्मचारियों जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के प्रदर्शन से अस्पतालों में ऑपरेशन के अलावा सफाई का काम, मरीजों के लिए भोजन का काम प्रभावित रहा।
GMSH-16 में प्रदर्शन कर रहे कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी यूनियन ने बताया कि अस्पताल के ठेके पर काम कर रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का वेतन महीने की 20 तारीख के बाद आ रहा है। इतनी देरी से वेतन आने से कर्मचारियों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार सैलरी पर ब्याज खाने के चक्कर में देरी से वेतन डाल रहा है। वहीं उनका प्रोविडेंट फंड भी समय पर जमा नहीं करवाया जा रहा हैं।
सेक्टर 16 अस्पताल की डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज(DHS) डॉ. सुमन सिंह ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द हल कर दिया जाएगा। कर्मचारियों का साफ कहना है कि जब तक उनकी सैलरी खाते में नहीं आती तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल आज शाम तक का आश्वासन कर्मचारियों को दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक विरोध पद्रर्शन में अस्पतालों में लगे सफाई कर्मचारी, ऑपेरशन असिस्टेंट्स, वार्ड सर्वेंट्स, लांडरी और किचन में सेवाएं देने वाले कर्मचारी आदि शामिल हैं। अकेले GMSH-16 में ही 200 से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इसी प्रकार का प्रदर्शन बाकी अस्पतालों में भी किया जा रहा है।