चुनाव नतीजों से भाजपा और मजबूत होकर उभरी – मनोहर लाल
चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इन पांच राज्यों के चुनावों में कांग्रेस को जनता ने धीरे नकार दिया है और भाजपा ताकतवर पार्टी बनकर उभरी है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित में कार्य करती है, इसलिए जनता इसको सर्वोपरि मान रही है। मुख्यमंत्री आज यहां उनके निवास पर भाजपा की चार राज्यों में हुई प्रचण्ड जीत की खुशी पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को बधाई देते हुए कहा कि इसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह व भाजपा अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा को जाता है जिन्होने कड़ी मेहनत से प्रचार अभियान चलाया। उनका सम्मान करते हुए जनता ने भाजपा की नीतियों में व्यक्त विश्वास किया और प्रचण्ड बहुमत दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच राज्यों में हुए चुनावों में जनता ने उत्तर प्रदेश, उतराखण्ड, गोवा, मणिपुर में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई है। इन राज्यों में पहले भी भाजपा सत्ता में थी। पंजाब में भाजपा पहले सत्ता में नही रही और अबकी बार भाजपा ने 75 सीटों पर चुनाव लड़ा। हरियाणा में भी 2000 में अकेले चुनाव लड़ा और 2014 में इसका परिणाम मिला। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी कार्यकर्ताओं को स्पोर्ट करके आगे बढाएंगे । मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी लोकहित की चिंता करते हुए पीड़ितों के दुख दर्द को समझती है तथा समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। महिलाओं के लिए उज्जवला योजना, हर घर नल से जल, जनधन खाते से सीधे पैसा खाते में जैसी योजनाएं लेकर आई और बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान चलाया। इनके सार्थक परिणाम रहे हैं। महिलाओं में उद्यमिता की भावना बढ़ाने के लिए हरियाणा के बजट में उद्यमिता सम्मान की घोषणा की है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास हर वर्ग की आवश्यकता अनुसार कार्य करने का तरीका है। इसका प्रत्यक्ष लाभ जनता को मिला है। इसलिए जनता भाजपा को स्वीकार कर रही है। कांग्रेस ने हमेशा नारे लगाए और कार्य नहीं किया। मुख्यमंत्री ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आम आदमी पार्टी कांग्रेस के विकल्प में रूप में उभर रही है, ऐसा उदाहरण कहीं नहीं मिलता है । आप पार्टी की मुफ्त में देने की विचारधारा देशहित में नहीं है। यह फ्री में बांटकर जनता को नकारा बना रही है। उन्होंने कहा कि जनता को अपने पैरो में खड़ा करने और खुशहाल बनाने के लिए कार्य करना ही देशहित में है। जनता इसे समझती है। इसलिए विगत में हरियाणा में आप पार्टी को समर्थन नहीं मिला ।