जैविक खेती करने वाले किसानों को बाजार उपलब्ध करवाया जाएगा: कृषि मत्री जेपी दलाल

जैविक पैदावार को मिलते हैं सामान्य से अधिक भाव

बवानीखेड़ा-भिवानी। प्रदेश के कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि किसान जैविक खेती को प्रमुखता दें। किसानों को जैविक पैदावार के लिए बाजार उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जैविक या गाय के गोबर से बनी खाद पर आधारित खेती में पैदावार पर किसान को सामान्य से अधिक कीमत मिलती है। सरकार द्वारा जैविक खेती के लिए सब्सिडी भी प्रदान कर रही है। कृषि मंत्री श्री दलाल रविवार को बवानीखेड़ा के निकट चिराग जैविक फार्म पर आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जैविक खेती के लिए देशी गाय खरीदने पर सरकार द्वारा 25 हजार रुपए दिए जाते हैं। इसके अलावा जैविक कीटनाशक बनाने के लिए चार ड्रम भी दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि गन्नौर में विश्व की सबसे बड़ी मंडी का निर्माण करवाया जा रहा है। फल-फूल व सब्जी बेचने के लिए विश्व स्तरीय मार्केट उपलब्ध होगी। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि खादान्न उत्पादन में हम आत्मनिर्भर हो गए हैं, लेकिन अब अनाज की गुणवत्ता पर ध्यान देना जरूरी है। अंधाधुंध रासायनिक उर्वकों के प्रयोग से इंसान कैंसर जैसी घातक बीमारियों की चपेट में आ गया है। उन्होंने कहा कि खानपान जहरीला हो गया है, जो बीमारियों का मुख्य कारण है। उन्होंने कहा कि जैविक गेहूं, बजारा व सब्जियों के दुगने दाम मिल रहे हैं। सरकार ने 20 हजार एकड़ में जैविक खेती करने का लक्ष्य रखा है। केंद्र सरकार ने जैविक खेती के लिए अलग से बजट का प्रावधान किया है, जिससे जैविक खेती को बढावा मिले। उन्होंने कहा कि 10 से 12 मार्च तक हिसार में किसान मेला आयोजित किया जाएगा तथा 11 से 13 मार्च तक दादरी में राज्य स्तरीय पशु मेला आयोजित किया जा रहा है,जिसमें उत्तम नस्ल के पशु शामिल होंगे। अव्वल आने वाले पशुओं के मालिकों को लाखों रुपए के ईनाम दिए जाएंगे। कार्यक्रम को हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बीआर कंबोज ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को खेती के बारे में उत्तम व नवीनत्तम जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढाना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम को डॉ. विस्तार निदेशक डॉ. बलवान सिंह मंडल और डीडीए डॉ आत्माराम गोदारा, डीएचओ डॉ. देवीलाल, डॉ. योगिता, डॉ. मुरारी लाल, डॉ. रमेश यादव, डॉ. नरेंद्र सिंह, डॉ. जितेंद्र सिंह, डॉ. राजकुमार ने भी संबोधित किया और जैविक खेती व फसलों की पैदावार बढाने की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान पतराम व सत्यनाराण शर्मा ने कृषि मंत्री श्री दलाल व अतिथियों का स्वागत किया। जैविक खेती में सराहनीय खेती करने वाले किसानों को सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published.