तीन दिन का लड़का अस्पताल से चोरी

फतेहाबाद । फतेहाबाद नागरिक अस्पताल से तीन दिन के नवजात लड़के के मंगलवार तड़के चोरी हो जाने से सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लग गया है। नवजात को चुराकर ले जा रही महिला सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस घटना से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप है। अस्पताल ने इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को खंगाला है। यह महिला काले रंग की कुर्ती, पीली सलवार और चुन्नी डाले हुए है। वह बच्चे को अपनी गोद में चुन्नी से ढककर ले जाती दिख रही है। इस महिला के साथ करीब पांच साल का बच्चा भी नजर आ रहा है। परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया है। इसके बाद डीएसपी, थाना प्रभारी और सीएमओ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। डीएसपी के नेतृत्व में तीन टीमों का गठन किया गया है। यह टीमें आराेपित महिला की तलाश कर रही हैं। गांव भूथनकलां निवासी जच्चा राजप्रीत को 9 जून को डिलीवरी के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसने 9 जून को ही एक लड़के को जन्म दिया। इसके पहले से दो बेटियां है। मंगलवार को अस्पताल से  जच्चा-बच्चा की छुट्टी होनी थी।राजप्रीत ने बताया कि सोमवार शाम एक महिला चार साल के बच्चे के साथ आई थी। उसने उसे बधाई देते हुए और बच्चे को खूब प्यार-दुलार दिया किया। वह रात को अस्पताल में ही रही। इस महिला ने खुद को आशा वर्कर बताया था। सुबह पांच बजे बच्चा जग गया। वह महिला उसके पास आई और बच्चे को मांग लिया। महिला ने बच्चे को गोद में उठाकर दुलारना शुरू कर दिया और वार्ड में चहलकदमी करते करते बाहर निकल गई। लगभग 15 मिनट तक वह नहीं लौटी तो उसने परिजनों को इसकी सूचना दी। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक यह वाकया 5 बजकर 32 मिनट का है। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्र कंबोज का कहना है कि आरोपित महिला की तलाश की जा रही है। सारे शहर में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपित महिला को शीघ्र पकड़ लिया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.