दिल्ली-एनसीआर में छाया कोहरा, हवाई और रेल यातायत पर असर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर एक बार ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। बुधवार सुबह दिल्ली और उससे सटे शहर नोएडा, गाजियाबाद,  फरीदाबाद, गुड़गांव में घना कोहरा छाया रहा। कुछ क्षेत्रों में दृश्यता 10  मीटर तक रही। इससे खासतौर पर दिल्ली आने-जाने वालीं फ्लाइट्स और ट्रेनों पर असर पड़ा है। दिल्ली में करीब 20 फ्लाइट्स लेट हो गईं। कुछ को डायवर्ट कर दिया गया है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। सुबह सात बजे दिल्ली में न्यूनतम तापमान गिरकर सात डिग्री तक पहुंच गया। दिल्ली के इंदिरा गांधी अन्तराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर बुधवार की सुबह सात बजे दृश्यता घटकर 150 मीटर से भी कम हो गई, जिससे विमानों की आवाजाही पर असर पड़ा। तकरीबन 20 विमानों के लेट होने की खबर है। खराब मौसम के कारण पांच विमानों को डायवर्ट भी किया गया है।

कोहरे से ट्रेनों पर असर : रेल यातायात पर भी कोहरे का असर पड़ा है। कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ को रद्द कर दिया गया है। देर से चलनेवाली ट्रेनों में भोपाल-नई दिल्ली शताब्दी दो घंटे, हजरत निजामुद्दीन –झांसी गतिमान एक्सप्रेस एक घंटा 19 मिनट, नई दिल्ली-झांसी ताज एक्सप्रेस दो घंटा 03 मिनट, लखनऊ-नई दिल्ली तेजस एक्सप्रेस एक घंटा 38 मिनट, नई दिल्ली- सियालदह दुरंतो सात घंटा 44 मिनट, नई दिल्ली-हावड़ा दुरंतो 12 घंटा 30 मिनट, नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी 10 घंटे और नई दिल्ली-पटना राजधानी छह घंटे दो मिनट की देरी से चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.