दिल्ली नहीं कर रही हरियाणा को पानी का भुगतान, 100 करोड़ बकाया
चंडीगढ़ । देश की राजधानी दिल्ली मुफ्त में अपनी प्यास बुझा रही है। वह हरियाणा को पानी का भुगतान नहीं कर रही। हरियाणा से दिल्ली को आपूर्ति से ज्यादा पानी दिया जा रहा है, लेकिन दिल्ली अदायगी नहीं कर रही है। हरियाणा को करीब 100 करोड़ रुपये दिल्ली से पाने हैं। यह खुलासा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को हरियाणा निवास में पत्रकारों से बातचीत में किया। उन्होंने कहा, आपूर्ति राशि की अदायगी के लिए हरियाणा सरकार ने कई बार दिल्ली को अवगत कराया। दिल्ली सरकार कोई कदम नहीं उठा रही। दिल्ली करीब 350 क्यूसिक पानी फ्री में गटक रही है, जबकि 719 क्यूसिक पानी उसे समझौते के अनुसार दिया जा रहा है। कुल मिलाकर दिल्ली को हरियाणा से 1049 क्यूसिक पानी सप्लाई हो रहा है। 350 क्यूसिक पानी की आपूर्ति राशि 120 करोड़ बनती है। इसमें से दिल्ली ने मात्र 20 करोड़ रुपये की अदायगी की है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली सरकार पानी को लेकर सियासत करती है। थोड़ी आपूर्ति कम होने पर सुप्रीम कोर्ट में पहुंच जाती है। हरियाणा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार जरूरत से ज्यादा पानी की आपूर्ति कर रहा है। इसके बावजूद भी दिल्ली सरकार पानी पर सियासत करने से बाज नहीं आ रही। उन्होंने कहा, दिल्ली के पानी को लेकर मीडिया में ज्यादा बात नहीं होती थी, केवल सुप्रीम कोर्ट में ही दलील होती थी। हरियाणा सरकार ने दिल्ली को पैसे के लिए पत्र लिखा पर कुछ नहीं हुआ। अब मीडिया में बात आने पर शायद दिल्ली सरकार को कुछ शर्म आए।
मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली देश की राजधानी है। उसे पानी की आपूर्ति होनी चाहिए, लेकिन अकेला हरियाणा ही उसका भार उठा रहा है। एक ट्रेंड बन चुका है कि हरियाणा ही पानी की आपूर्ति करेगा। इस मामले में अन्य प्रदेशों को भी दिल्ली का सहयोग करना चाहिए। इससे हरियाणा पर भार कम होगा।