दिल्ली में ठंड से कुछ राहत, सांसों को आफत

नई दिल्ली । दिल्ली-एनसीआर के लोगों को शुरुआती दिसम्बर में दोहरी मार का सामना करना पड़ा रहा है। तापमान गिर रहा है। वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। कुछ दिनों से राजधानी में पड़ रही सर्दी से शनिवार को लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य) दर्ज किया गया।
सफदरजंग वेधशाला ने अनुसार दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे  हवा में नमी का स्तर 90 फीसदी रहा। आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। रविवार से मौसम बदलाव देखने को मिला। कुछ दिन बाद मध्यम कोहरा पड़ने के साथ न्यूनतम तापमान और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान एक से दो और अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक नीचे जाने की उम्मीद  है। मौसम विभाग ने 12 और 13 दिसम्बर को दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना जताई है। 
दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद की हवा जहरीली बनी हुई है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर ‘बहुत खराब’ रहा। हवा की रफ्तार धीमी होने और कोहरे के चलते शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 को पार करते हुए गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। 
सफर इंडिया के अनुसार राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स पीएम 2.5 203 और पीएम 10 306 दर्ज किया गया है। पीएम 2.5 का स्तर ‘बेहद गंभीर’ और पीएम 10 का स्तर ‘गंभीर’ श्रेणी को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.