देश की बिगड़ी दशा सुधारने के लिए और पांच साल चाहिए : राव इंद्रजीत
रेवाड़ी । गुरुग्राम लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुवार को कहा कि देश की बिगड़ी दशा को सुधारने के लिए मोदी सरकार को पांच साल और चाहिए। 2014 से अब तक सरकार बड़ी मुश्किल से देश को पटरी पर ला पाई है। उन्होंने यह बात तहसील पटौदी के गांव मौजाबाद की चुनाव सभा में कही।
उन्होंने कहा, देश की सुरक्षा एवं तरक्की सबसे महत्वपूर्ण है। पांच साल में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने देश को समृद्ध बनाने का प्रयास कया है। उन्होंने राज्य सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी लोगों के सामने रखा। पूर्ववर्ती सरकारों की जमकर खिंचाई की।
राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों ने देश की हालत खराब कर दी थी। परेशान लोगों को नरेन्द्र मोदी में आशा की किरण दिखाई दी। लोगों ने वर्ष 2014 में उन्हें राजपाट सौंपा। इन पांच वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने देश के लिए बहुत कुछ किया। देश में सड़कों का नेटवर्क फैला दिया। किसानों की फसल के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी की गई। सेना को खुली छूट दी गई।
मोदी के प्रयासों का ही नतीजा है कि आतंंकवादी मसूद अजहर को ग्लोबल आंतकवादी घोषित किया गया है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ मुख्यमंत्री नौकरी देने के मामले में अपने क्षेत्र तक ही सिमट कर रह गए थे। इससे अन्य क्षेत्र के होनहार बच्चों को रोजगार नहीं मिल पाया।