देश को समृद्ध और जन-जन को समर्थ बनाने वाला बजट : मोदी

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को केंद्रीय बजट 2019-20 को देश को समृद्ध और जन-जन को समर्थ बनाने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा बजट है जो 21वीं सदी में भारत के विकास को बढ़ावा देगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में हमारी सरकार ने गरीब, शोषित और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए अनेक कदम उठाये हैं। अब अगले पांच वर्षों में यही सशक्तिकरण उन्हें देश के विकास का पावर हाउस बनाएगा। पांच ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के सपने को पूरा करने की ऊर्जा, देश को इसी पावर हाउस से मिलेगी। पिछले पांच साल में देश निराशा के वातावरण को पीछे छोड़ चुका है। आज देश उम्मीदों और आत्मविश्वास से भरा हुआ है।

उन्होंने कहा कि इस बजट से गरीब को बल मिलेगा और युवाओं को बेहतर कल मिलेगा। इस बजट के माध्यम से मध्यम वर्ग को प्रगति मिलेगी। विकास की रफ्तार को गति मिलेगी। आज लोगों के जीवन में नई आकांक्षाएं और अपेक्षाएं हैं। ये बजट देश को विश्वास दे रहा है कि इन्हें पूरा किया जा रहा है। ये विश्वास दे रहा है कि दिशा सही है, प्रोसेस ठीक है, गति सही है इसलिए लक्ष्य तक पहुंचना तय है।

मोदी ने कहा कि इस बजट में आर्थिक जगत के रिफॉर्म भी हैं। आम नागरिक के लिए ईज ऑफ लिविंग भी है और साथ ही गांव और गरीब का कल्याण भी है। ये एक ग्रीन बजट है, जिसमें पर्यावरण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और सोलर सेक्टर पर विशेष बल दिया गया है। ये बजट उद्यम और उद्यमों को मजबूत बनाएगा। देश में महिलाओं की भागीदारी को और अधिक बढ़ाएगा। इस बजट से टैक्स व्यवस्था में सरलीकरण होगा, इन्फ्रास्ट्रक्चर का आधुनिकीकरण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.