देश में सूखा और बाढ़ की स्थिति होगी खत्मः कटारिया
यमुनानगर । केंद्रीय जल शक्ति एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रतनलाल कटारिया ने कहा है कि भविष्य में देश में बाढ़ और सूखा जैसी स्थिति पैदा ही नहीं होगी। मोदी सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी सरकार की नदी जोड़ परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने शनिवार को पत्रकारों को यह जानकारी देते हुए कहा, केंद्र सरकार नल से जल योजना शुरू कर रही है। देश के सभी नागरिकों को स्वच्छ जल मिल सके, इसके गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, स्वच्छ जल के लिए जल का भंडारण सबसे जरूरी है। देश में 5202 बड़े व छोटे डैम हैं। भूमिगत जलस्तर को ऊपर लाने के लिए अब छोटे डैम बनाए जा रहे हैं। देश की दो प्रमुख नदियों गंगा-यमुना के शुद्धिकरण प्रोजेक्ट में कुछ और परियोजनाएं जोड़ी जा रही हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा यमुना और गंगा के किनारे नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। पहले से मौजूद प्लांट की क्षमता बढ़ाई जा रही है। हर वर्ग के लोगों के जीवनस्तर को उठाने के लिए योजनाएं तैयार की जा रही हैं। कटारिया ने कहा, यमुनानगर के हथिनी कुंड बैराज में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस बैराज से पांच राज्यों के लिए पेयजल की आपूर्ति होती है। बैराज को आंच नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष महेंद्र खदरी और मीडिया प्रभारी राजेश सपरा के अलावा आला अधिकारी उपस्थित थे।