फानी से हुई तबाही का जायजा लेने केन्द्रीय टीम आज पहुंचेगी ओडिशा
नई दिल्ली । ओडिशा में चक्रवाती तूफान फानी से हुई तबाही का जायजा लेने के लिए सोमवार को केन्द्र सरकार की एक टीम तीन दिन के दौरे पर आज भुवनेश्वर पहुंचेगी। यह टीम राज्य सरकार के साथ भी बैठक करेगी। उधर, इस बीच फानी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 64 हो चुकी है।उल्लेखनीय है कि समुद्री तूफान फानी गत तीन मई को आया था। इस आपदा में अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है और 241 लोग घायल हैं। यह चक्रवात पिछले 52 वर्षों में मई में भारत से टकराने वाला 10वां तूफान था। इससे पहले 1968, 1976, 1979, 1982, 1997, 1999 और 2001 के मई माह में ही इस तरह के चक्रवात देखे गए थे। आमतौर पर खतरनाक चक्रवात भारत के पूर्वी तट पर मानसून के मौसम (अक्टूबर-दिसंबर) में आते हैं। 1965 और 2017 के बीच के 52 वर्षों में देश में 39 अत्यंत खतरनाक चक्रवात आए थे।