बंसल ने दैनिक वेतन भोगी और ठेका कर्मचारियों से किया पक्का करने का वादा

चंडीगढ़। नगर निगम के इलेक्ट्रीसिटी स्ट्रीट लाइट इंप्लार्ईज एंड वर्कर्ज यूनियन के कर्मचारी सोमवार को अपनी मांगों को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और चंडीगढ़ से लोकसभा प्रत्याशी पवन कुमार बंसल से मिले। 
यूनियन सदस्यों ने कहा कि निगम की लालफीताशाही और अफसरशाही का आलम यह है कि निगम के अलग अलग विभागों में अलग अलग सर्विस नियम लागू हैं। निगम के लिए समान काम, समान वेतन जैसा नियम कोई मायने नहीं रखता। निगम के दर्जनों कर्मचारी बीस बीस साल से या तो आउटसोर्स या फिर डेलीवेजिज आधार और ठेके पर काम कर रहे हैं। मगर तीनों वर्ग के कर्मचारियों के लिए अलग अलग नियम हैं। न तो तीनों दर्जे के कर्मचारियों का वेतन समान है और न ही इन्हें कोई सुविधाएं ही हासिल हैं। दैनिक वेतन भोगी और ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों का प्रोविडेंट फंड भी नहीं काटा जा रहा है। इन कर्मचारियों पर कोई बीमा योजना भी लागू नहीं है। 
बंसल ने इन कर्मचारियों की मांगों को जायज ठहराया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कर्मचारी वर्ग का शोषण किया है। मगर कांग्रेस कर्मचारी मित्र पार्टी है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में स्पष्ट कर दिया है कि बरसों से ठेके पर काम करने वाले कर्मियों को तीन साल के बाद पक्का कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published.