भाजपा नेता रमन सिंह को मेदांता अस्पताल से मिली छुट्टी
गुरुग्राम । मेदांता अस्पताल गुरुग्राम ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह को बुधवार दोपहर दोपहर बाद छुट्टी दे दी। सिंह को सीने में दर्द की शिकायत की वजह से मंगलवार देररात यहां भर्ती कराया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का इलाज गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. राजेश पुरी की देखरेख में किया गया। डा. पुरी के अनुसार जरूरी जांच यहां उनकी की गई, ताकि सही बीमारी का पता लगाया जा सके। मेदांता प्रवक्ता के मुताबिक उनकी तबीयत अब ठीक है। इस वजह से उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई है। सिंह की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें रात 11 बजे मेदांता मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डा. रमन सिंह पिछले तीन दिन से दिल्ली में थे। इस बीच उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात भी की थी।