राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर 14 के ऑडिटोरियम में 2 से 4 दिसंबर तक भव्य रूप से मनाया जाएगा जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव-उपायुक्त
– 2 दिसंबर को महायज्ञ से होगा महोत्सव का शुभारंभ
– गीता के श्लोकों से होगा शहर गुंजायमान, महोत्सव के तीनो दिन पंचकूला के सभी चैराहों पर चलेगा रिर्काडिड गीता मंत्रोच्चारण
पंचकूला। उपायुक्त श्री महावीर कौशिक ने बताया कि तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव-2022 राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर 14 के ऑडिटोरियम में 2, 3 और 4 दिसंबर को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।
श्री महावीर कौशिक ने गीता जयंती महोत्सव के भव्य आयोजन के संबंध में आज लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों की आयोजित बैठक की अध्यक्षता की और उन्हें महोत्सव के सफल आयोजन के लिए दिशा-निर्देश दिये। एसडीएम पंचकूला डाॅ. ऋचा राठी गीता जयंती महोत्सव की ओवर आल इंचार्ज होंगी।
उपायुक्त ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ महायज्ञ से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महोत्सव के तीनो दिन स्कूलों व काॅलेजों के बच्चों द्वारा गीता पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें गीता और महाभारत पर आधारित गीत, भजनं, नृत्य इत्यादि के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध संस्कृति तथा विरासत को भलि-भांति प्रदर्शित किया जायेगा। इसके अलावा स्कूली बच्चों के लिए क्विज, पोस्टर, निबंध लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा विजेताओं के पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 3 दिसंबर को श्रीमदभागवद्गीता की शिक्षाओं पर आधारित सेमिनार का आयोजन किया जायेगा, जिसमें विशेष रूप से हिन्दी व संस्कृत के प्राध्यापकों और वक्ताओं द्वारा गीता पर व्याख्यान दिया जाएगा। महोत्सव के अंतिम दिन 4 दिसंबर को दोपहर 12 बजे ग्लोबल गीता मंत्रोच्चारण किया जायगा। इसके पश्चात दोपहर 1 बजे सेक्टर 2 से सेक्टर 5 स्थित इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम तक श्रीमदभागवद्गीता तथा भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर आधारित नगर शोभा यात्रा निकाली जोयगी जो शहर के विभिन्न सेक्टरों से होते हुए इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में समाप्त होगी।
उन्होंने बताया कि गीता चौंक के अलावा शहर के विभिन्न चौंको को रंग-बिरंगी लाईटों से सजाया जायेगा तथा महोत्सव के तीनो दिन पंचकूला के सभी चौराहों पर रिर्काडिड गीता मंत्रोच्चारण चलाया जायेगा।
इस अवसर पर एसडीएम पंचकूला ऋचा राठी, एसडीएम कालका रूचि सिंह बेदी, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त ममता शर्मा, एसीपी राज कुमार, डीडीपीओ राजन सिंगला, डीईओ सतपाल शर्मा, डीपीसी संध्या मलिक, तहसीलदार कालका विक्रम सिंगला तथा श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति सहित अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।