राज्य सरकारों को अस्थिर कर लोकतंत्र खत्म करने में लगी है भाजपा : कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह देश में लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। भाजपा मध्य प्रदेश में जनता द्वारा चुनी गयी सरकार को गिराना चाहती है। विपक्षी दल ने कहा कि भाजपा किसी और की सरकार को बनने नहीं देना चाहती। इस मुद्दे को कांग्रेस संसद में भी उठाएगी। संसद भवन परिसर में गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आज़ाद, अधीर रंजन चौधरी, विवेक तन्खा और रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राज्य सरकारों को अस्थिर करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।गुलाम नबी आजाद ने कहा कि राज्यसभा के चुनाव नजदीक देख भाजपा जोड़-तोड़ में जुट गई है। उन्होंने कहा कि जबसे जब से भाजपा सत्ता में आई है, वह इसी तरह की हरकतें कर रही है। मध्यप्रदेश सरकार को गिराने की यह पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले राजस्थान में भी इसका उदाहरण देखने को मिला था। महाराष्ट्र में बहुमत न होने के बावजूद रातों-रात भाजपा के मुख्यमंत्री को शपथ दिलाई गई। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कर्नाटक और अरुणाचल से महाराष्ट्र तक भाजपा की नीति रही है कि दूसरी पार्टी सरकार न बनाए।
आजाद ने कहा कि इस मुद्दे को कांग्रेस संसद में जरूर उठाएगी और बताएगी कि किस तरह केंद्र की भाजपा सरकार राजनैतिक दलों के नेताओं पर केस बनाकर, एजेंसियों से डराकर उन्हें तोड़ने में लगी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बहुमत में है लेकिन करोड़ों रुपये का प्रलोभन देकर विधायकों को खरीदने का षड्यंत्र भाजपा की ओर से किया जा रहा है। इस दौरान विवेक तनखा ने मध्यप्रदेशक की राजनीतिक स्थिति को दुखद बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। सरकारी एजेंसियों के बल पर ऐसी ही कोशिश छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भी हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार स्थिर है। उनके विधायक बिकाऊ नहीं हैं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा पर माफिया राज चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के 14 विधायकों से संपर्क किया गया और बात नहीं बनी तो जोर आजमाइश की गई। उन्होंने सवाल किया कि शिवराज सिंह चौहान जवाब दें कि इन विधायकों को चार्टड प्लेन से गुरुग्राम कौन लेकर आया था।