राष्ट्रपति ने आगरा बस हादसे में जानमाल के नुकसान पर जताया दु:ख
नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार तड़के यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए भीषण बस हादसे पर दु:ख जताया है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने शोक संदेश में कहा है, उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई भीषण बस दुर्घटना के बारे में जानकर बहुत दु:ख हुआ है। राज्य सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी दुख जताते हुए कहा है, आगरा के पास एक दुर्भाग्यपूर्ण बस दुर्घटना में जान-माल के दुखद नुकसान के बारे में सुनकर बहुत दु:ख हुआ। शोक-संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है, यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई भीषण बस दुर्घटना की खबर स्तब्ध करने वाली है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों की पीड़ा के बारे में सोचकर मन विचलित है। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति दे। दुर्घटना में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, दिल्ली आगरा एक्सप्रेस मार्ग पर हुई दुर्घटना से बहुत दु:ख हुआ। ईश्वर पीड़ित परिवारों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति दें। मेरी संवेदनाएं उनके साथ हैं। जबकि केंद्रीय स्वस्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा है, यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुई दर्दनाक बस दुर्घटना की खबर से व्यथित हूं। दिवंगत लोगों की आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक-संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा, आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुई बस दुर्घटना के दुखद समाचार से मन व्यथित है। प्रभु दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें औऱ उनके परिवारों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति दे। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से प्रार्थना करता हूं।