विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा फोड़ा, अब किसी भी चुनाव में नहीं चलने वाला कांग्रेस का झूठ : पंडित मोहन लाल बड़ौली
चंडीगढ़/गुरुग्राम: सदस्यता अभियान को लेकर शुक्रवार को गुरुग्राम पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बडौली ने कहा है कि पार्टी का सम्मान करने वाले कार्यकर्ताओं का सम्मान पार्टी की भी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में पार्टी को मजबूत करने में लगे हैं, जल्दी ही हम सदस्यता अभियान के तय लक्ष्य को प्राप्त कर लेंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि सदस्यता अभियान का मकसद जनहित के कार्य के लिए संगठन को अधिक से अधिक मजबूत करना है। पार्टी कार्यालय ‘‘गुरुकमल’’ में कार्यकर्ताओं की बैठक से पहले पत्रकार वार्ता के दौरान श्री बड़ौली ने कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के झूठ का गुब्बारा जनता ने विधानसभा चुनाव में फोड़ दिया और अब कांग्रेस का झूठ किसी भी चुनाव में नहीं चलने वाला। बडौली ने दावा किया कि भाजपा नगर निकाय चुनावों के लिए भी तैयार है और कल्याणकारी कार्यों, संगठन शक्ति और जनता के आशीर्वाद से आने वाले हर चुनाव भी भाजपा जीतेगी।
श्री बड़ौली ने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता संगठन को तो मजबूत कर ही रहे हैं, साथ ही सरकार द्वारा किए जा रहे एतिहासिक कार्यों को जनता तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में भी मदद कर रहे हैं। बडौली ने कहा कि कांग्रेस झूठ और भ्रम का सहारा लेकर चुनाव लड़ी थी, हरियाणा की जनता ने कांग्रेस के झूठ के गुब्बारे की हवा निकाल दी। प्रेसवार्ता के दौरान श्री बड़ौली ने गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व और गंगा स्नान पर्व की प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है, 2019 में भाजपा के 33 लाख प्राथमिक सदस्य बने थे, लेकिन इस बार हरियाणा में 50 लाख प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। हरियाणा में 20 हजार से अधिक बूथ हैं और हर बूथ पर 250 नए लोगों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं को दिया हुआ है।