विश्व रेडक्रास दिवस पर 128 ने किया रक्तदान

नगरोटा, धर्मशाला, पालमपुर में रक्तदान शिविर आयोजित
कांगड़ा में दिव्यांगजनों का किया मूल्यांकन, चिकित्सा शिविर भी लगाया
धर्मशाला। कांगड़ा जिला में विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर धर्मशाला, पालमपुर, कांगड़ा, नगरोटा में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया जिसमें करीब 128 लोगों को रक्तदान किया। इसके साथ ही 12 दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण भी वितरित किया गया।
विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर कांगड़ा के यात्री सदन में जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, कांगड़ा द्वारा भारत सरकार के कृत्रिम अंग निर्माण निगम, मोहाली के सहयोग से भारतीय सामान्य बीमा निगम के कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड से दिव्यांग जनों की सहायतार्थ मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें जरूरतमंद दिव्यांग जनों को उनकी जरूरत के सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए पंजीकरण किया गया।
दिव्यांग जनों के मूल्यांकन शिविर में मुख्य अतिथि उपायुक्त कांगड़ा एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी, कांगड़ा निपुण जिंदल जी मौजूद रहे।
उन्होंने मौके पर मौजूद ऐसे दिव्यांग जनों को सहायता उपकरण वितरित किए जिनका पूर्व में रजिस्ट्रेशन किया जा चुका था। और अन्य दिव्यांग जनों का मूल्यांकन चिकित्सा अधिकारियों द्वारा किया गया, जिन्हें मूल्यांकन उपरांत सहायक उपकरण दिए जाएंगे।
उपायुक्त कांगड़ा निपुण जिंदल ने रेड क्रॉस सोसाइटी तथा भारत सरकार के कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के इस कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आज विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी धर्मशाला और भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम एलिम्को के सहयोग से दिव्यांग जनों के लिए एक महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य का उद्देश्य दिव्यांग जनों के जीवन को सरल बनाना है।
साथ ही उन्होंने भारतीय सामान्य बीमा निगम का विशेष धन्यवाद किया जिनके द्वारा कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व फंड से इन उपकरणों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है।
आज के इस विशेष अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी धर्मशाला की तरफ से रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें युवाओं ने बढ़ चढ़कर रक्तदान में भाग लिया।
इस मूल्यांकन शिविर में 100 दिव्यांग जनों का स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा मूल्यांकन किया गया। मूल्यांकन किए गए इन सभी दिव्यांग जनों को सहायता उपकरण जल्द ही उपलब्ध करवा दिए जाएंगे।
मौके पर उपायुक्त महोदय द्वारा 5 लाभार्थियों को व्हीलचेयर और 2 लाभार्थियों को कानों की मशीन दी गई ।
रेड क्रॉस सोसाइटी धर्मशाला की तरफ से आज विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर लोगों के लिए निशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। जिसमें लोगों की सेहत को जांचा गया और उन्हें निशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाई गई।
उपायुक्त कांगड़ा ने आज इस मौके पर यात्री सदन का निरीक्षण भी किया इस दौरान उन्होंने सारी व्यवस्था को जांचा।
इस मूल्यांकन शिविर में उपायुक्त कांगड़ा सहित अतिरिक्त उपायुक्त गंधर्व राठौड़ , सीएमओ कांगड़ा गुरदर्शन गुप्ता, एसडीएम कांगड़ा अरुण शर्मा, सेक्रेटरी रेड क्रॉस सोसाइटी ओपी शर्मा, बीएमओ तियारा संजय भारद्वाज, अनीता मनकोटिया, संजीव पटियाल, रोहित दीवान, संतोष, रितु , मोहाली एलिम्को से डॉक्टर अमित, डॉ कुसुम, स्वास्थ्य टीम, स्वास्थ्य कर्मी और दिव्यांगजन आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.