विस चुनाव में भाजपा अबकी बार 75 पार-लाल
पानीपत । मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को पानीपत की नई अनाज मंडी में आयोजित कार्यकर्ता अभिनंदन समारोह में जहां जातिवाद, क्षेत्रवाद, भाई-भतीजावाद और परिवारवाद की राजनीति पर कटाक्ष किया, वहीं सभी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में अब की बार 75 पार का लक्ष्य हासिल करने का मंत्र दिया। सीएम मनोहर ने कहा कि विधानसभा के चुनाव अक्टूबर में होने की उम्मीद है और कार्यकर्ताओं के पास केवल तीन महीने का ही समय है। इसलिए सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना है कि अब की बार 75 पार सीटें लेनी है और यह तभी संभव है जब सभी कार्यकर्ता जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाई-भतीजावाद भावना से ऊपर उठ कर निर्धन व कमेरे वर्ग की और अधिक सेवा करें। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा विकास के मामले में अपने पड़ोसी राज्यों से बहुत आगे निकल गया है। हरियाणा ने गत चार वर्षों के दौरान राष्ट्रीय स्तर के 114 पुरस्कार प्राप्त किए हैं। आज हरियाणा के विकास की चर्चा पूरे भारत में है और अब अन्य प्रदेशों के लोग भी हरियाणा मॉडल के आधार पर अपने-अपने प्रदेशों के विकास की मांग मोदी सरकार से करने लगे हैं।
समारोह को करनाल लोकसभा के सांसद संजय भाटिया, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक महीपाल ढांडा, रोहिता रेवड़ी, रविंद्र मछरौली ने भी संबोधित किया। भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रमोद विज ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल का स्वागत किया।