शाहीन बाग प्रदर्शन पर मनोज तिवारी ने राहुल और केजरीवाल से पूछा सवाल
नई दिल्ली । दिल्ली के शाहीन बाग में करीब 40 दिनों से चल रहे प्रदर्शन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सवाल खड़ा किया है कि जिस प्रकार से शाहीन बाग में विरोध प्रदर्शन चल रहा है, उसके चलते व्यापारियों को लाखों का नुकसान हो रहा है। यातायात प्राभवित हो रहा है। बच्चों की परीक्षाओं का समय आ गया है, जो समय पढ़ने में जाना चाहिए वह प्रदर्शन के चलते सड़कों पर बर्बाद हो रहा है। तिवारी ने ट्वीट में राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल को टैग कर सवाल पूछा है, क्या यह सब सही है?
मजोन तिवारी ने बुधवार को ट्वीट कर शाहीन बाग प्रदर्शन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 39 दिन हो गए इस प्रदर्शन को। इसके कारण यातायात ठप है। लाखों लोग परेशान हो रहे हैं। बच्चे परीक्षा के समय भी दो-दो घंटे सड़कों पर बर्बाद कर रहे हैं। ऑफिस जाने वालाों को परेशानी और व्यापारियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। क्या ये जायज है?
उल्लेखनीय है कि 15 दिसम्बर 2019 से नागरिकता अधिनियम, रजिस्टर ऑफ सिटिजन्स और नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर के खिलाफ लोग शाहीन बाग में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन शुरुआत 15 दिसम्बर की रात कुछ पुरुषों और महिलाओं ने की थी। इसके बाद लोग इससे जुड़ते चले गए और प्रदर्शन ने एक बड़ा रूप धारण कर लिया। हालांकि प्रदर्शन के चलते वहां की सड़क ठप पड़ी है, जिसकी वजह से यातायात प्रभावित हो रहा है। धीरे-धीरे अब वहां के लोगों में भी शाहीन बाग प्रदर्शन के खिलाप रोष उत्पन्न हो रहा है।