हर्षवर्धन और अंगड़ी ने कारगिल विजय दिवस के चित्रों से सजी ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

नई दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी ने सोमवार को 20वें कारगिल विजय दिवस के मद्देनजर कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के पराक्रम और शौर्य की यादों को ताजा करने के लिए युद्ध के चित्रों से सजी काशी विश्वनाथ ट्रेन को नई दिल्ली स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

दो दशक बाद भी भारतीय वीरों के शौर्य की गाथा धूमिल न हो और युवा पीढ़ी भी इसे जाने, इसके लिए रेलवे ने कुछ चुनिंदा ट्रेनों को विनाइल रैपिंग से सजाया है। देशभर में चलाई जा रही इन ट्रेनों पर कारगिल युद्ध से जुड़े चित्रों को स्थान दिया गया है, जो कारगिल युद्ध में भारतीय शूरवीरों के शौर्य, साहस व युद्ध रणनीति की अमर गाथा को तस्वीरों के माध्यम से बया कर रहे हैं।

इससे पहले उत्तर रेलवे द्वारा नई दिल्ली स्टेशन के कॉनकोर्स हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों में भी भारतीय सेना के वीर जवानों ने दुश्मनों को खदेड़ कर कारगिल की चोटियों पर तिरंगा फहराया था। भारत माता की रक्षा करते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को पूरा देश नमन करता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों ने हमें किसी भी युद्ध कभी निराश नहीं किया है।

भारतीय रेलवे के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले पांच वर्षों में असाधारण काम किया है। दो लाख से अधिक जैव शौचालयों का निर्माण पहले ही किया जा चुका है और यह केवल रेलवे में ही नहीं है, भारत का प्रत्येक क्षेत्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गतिशील नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कारगिल युद्ध को अब तक का सबसे कठिन युद्ध करार देते हुए कहा कि उस समय लोग कहा करते थे आमने-सामने युद्ध सरल होता है, लेकिन ऊंचाई पर दुश्मन के बैठे होने पर यह काफी कठिन हो जाता है।

रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी ने कहा कि आज से 20 साल पहले देश ने ऐसा इतिहास रचा जिस पर सभी गर्व करते हैं। उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जय जवान, जय विज्ञान, जय किसान का नार दिया। उन्होंने इस मौके पर सैनिकों की बहादुरी को नमन करते हुए उन्हें सरकार की तरफ से पूर्ण सहयोग का भी आश्वासन दिया। 

कार्यक्रम में मौजूद नई दिल्ली से भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने बाद में स्टेशन परिसर में अनेक कर्मचारियों से मिलीं। मजदूरों सहित श्रमिकों ने अपनी समस्याओं को उनके समक्ष रखा जिस पर भाजपा सांसद ने उन्हें समय पर समाधान का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि भारतीय सेना और पाकिस्तान के बीच 18 हजार फीट की ऊंचाई पर कारगिल में करीब दो महीने चले युद्ध में 26 जुलाई 1999 को भारत ने विजय प्राप्त की थी। भारतीय सैनिकों ने साहस और जाबांजी से पाकिस्तानी घुसपैठ का नाकाम कर दिया था, हालांकि इसमें भारत के 527 जवान शहीद हो गए और 1300 से अधिक घायल हो गए थे। सैनिकों के सम्मान में केंद्र सरकार हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.