हिमाचल में बारिश से लोनिवि को 482 करोड़ का नुकसान, 455 सड़कें अवरुद्ध

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश ने खूब कहर बरपाया है। बरसात के मौसम में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश एवं भूस्खलन के कारण कई सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं। अब तक विभाग को 482 करोड़ का नुकसान आंका गया है। भूस्खलन से अब भी राज्य भर में 450 से अधिक सड़कें ठप हैं। इन सड़कों पर यातायात बहाल करने के लिए 399 मशीनें लगाई गई हैं। करीब डेढ़ माह से राज्य में बारिश का रौद्र रूप देखा जा रहा है। बीते 17 व 18 अगस्त को मूसलाधार बारिश से भारी तबाही हुई थी और प्रदेश में 1000 सड़कों पर आवागमन ठप हो गया था। बारिश के मौसम में अभी तक कई दिन शेष हैं। इसके चलते नुकसान का आंकड़ा 500 करोड़ पार कर सकता है।

लोकनिर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय कपूर ने शनिवार को बताया कि भूस्खलन से सबसे अधिक 131 करोड़ का नुकसान शिमला जोन में हुआ है। इसके अलावा मंडी जोन में 103 करोड़, हमीरपुर जोन में 99 करोड़ और कांगड़ा ज़ोन में 96 करोड़ की क्षति हुई। इसी तरह लोकनिर्माण विभाग को करीब 53 करोड़ का नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बारिश से हुए भूस्खलन के कारण शुक्रवार शाम तक 455 सड़कें बंद रहीं। मंडी जोन में 269, शिमला जोन में 123, हमीरपुर जोन में 36 और कांगड़ा जोन में 27 सड़कें बाधित हैं। इनकी बहाली के लिए 292 जेसीबी, 88 टिप्पर और 19 डोज़र लगाए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published.