धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू, 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में

शिमला। हिमाचल प्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह से मतदान चल रहा है। जिला कांगड़ा की धर्मशाला और जिला सिरमौर की पच्छाद विधानसभा सीट के लिए मतदाता खुशगवार मौसम के बीच वोट डाल रहे हैं। दोनों सीटों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है। पच्छाद और धर्मशाला के पूर्व विधायकों के सांसद निर्वाचित होने की वजह से ये सीटें रिक्त हुई हैं।  इस उपचुनाव में दोनों सीटों पर 12 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पच्छाद से 05 और धर्मशाला से 07 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। दोनों सीटों पर भाजपा व कांग्रेस उम्मीदवारों के बीच मुख्य मुक़ाबला माना जा रहा है। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

पच्छाद से भाजपा ने पहली बार महिला पर दांव चला है। रीना कश्यप भाजपा की टिकट से चुनाव लड़ रह हैं। वहीं कांग्रेस ने एक बार फिर पूर्व मंत्री व स्पीकर गंगू राम मुसाफिर को उम्मीदवार बनाया है। मुसाफिर सात बार विधायक रह चुके हैं। पिछले लगातार दो चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। 

उधर, धर्मशाला से दोनों दलों ने युवा चेहरों को मैदान में उतारा है। भाजपा ने विशाल नेहरिया और कांग्रेस में विजय इंद्र कर्ण पर दांव खेला है। दोनों अपना पहला चुनाव लड़ रहे हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.