दिल्ली भाजपा के नेताओं ने डॉ राजेन्द्र प्रसाद और मेजर ध्यानचंद्र को किया याद
नई दिल्ली । भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दिल्ली प्रदेश के नेताओं ने उन्हें याद किया। वहीं हॉकी के जादूगर के नाम से प्रख्यात मेजर ध्यानचंद्र की पुण्यतिथि पर भाजपा नेताओं ने विन्रम श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिल्ली भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा कि स्वतंत्रता सेनानी व भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर शत्-शत् नमन। पार्टी ने आगे लिखा हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।
प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनोज तिवारी ने लिखा कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेन्द्र प्रसाद की जयंती पर याद करते हुए कहा कि भारतीय संविधान के शिल्पकार राजेंद्र बाबू सादगी, सेवा और देशभक्ति की प्रतिमूर्ति थे। उनके उच्च विचार देशवासियों के लिए सदैव विस्मरणीय व प्रेरणास्रोत रहेंगे। आज उनकी जयंती है, इस मौके पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन करता हूं।
साथ ही डॉ हर्षवर्धन ने मेजर ध्यानचंद्र की पुण्यतिथि पर कहा कि आपने ओलंपिक खेलों में भारत को तीन स्वर्ण पदक जिताने एवं हॉकी को गरिमामयी पहचान दिलाने का महान कार्य किया। जब भी विश्व जगत में हॉकी की चर्चा होगी, आपके बिना इसकी कहानी हमेशा अधूरी रहेगी।