जाटलैंड में जनरल वीके सिंह ने संभाला मोर्चा

भाजपा नेता ने कहा, यह चुनाव आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बदलेगा 

भिवानी । जाटलैंड में पहली बार कमल खिलाने की कवायद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेज कर दी है। गुरुवार को हिसार लोकसभा क्षेत्र में बवानीखड़ा विधानसभा क्षेत्र के खरक गांव में पूर्व जनरल एवं केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने ग्रामीणों को संबोधित किया। इसके अलावा कई इलाकों में भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह ने भी खूब पसीना बहाया और लोगों से 12 मई को कमल का बटन दबाने की अपील की। खास बात यह रही कि हर सभा में भाजपा नेता जनरल (रिटायर्ड) वीके सिंह ने राष्ट्रवाद का क्या महत्व है इसका महत्व बताया। उन्होंने कहा, यह चुनाव आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बदलने वाला साबित होगा। 
केंद्रीय राज्यमंत्री  वीके सिंह ने बवानीखड़ा इलाके के गांव कलिंगा, सैय, रेवाड़ी खेड़ा, सिरसा घोघड़ा, मढ़ाणा, सुमड़ा खेड़ा में भी जनसभाएं कीं। 

उन्होंने कहा यह चुनाव सड़क, बिजली, पानी का चुनाव नहीं है। यह चुनाव आपके बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का चुनाव है। सिंह ने कांग्रेस और अन्य दलों को भी जमकर फटकार लगाई।  सिंह ने कहा कि कांग्रेस समेत दूसरे दलों का एजेंडा देश की उन्नति नहीं सत्ता हासिल करना है। कांग्रेस, जजपा और इनेलो के पास देश की तरक्की का कोई एजेंडा नहीं है। ये लोग अपने पूर्वजों के नाम पर वोट मांग रहे हैं। यह समय देश को मजबूत बनाने का है। पूरे देश में मोदी की आंधी चल रही है। 
वीके सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सच्चे देशभक्त हैं। भारत को मोदी जैसे प्रधानमंत्री की जरूरत है जो दुश्मन को छठी का दूध याद दिला सके। अब पाकिस्तान मसूद अजहर को नहीं बचा सकता। मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रह है। उन्होंने लोगों से 12 मई को कमल का बटन दबाकर मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। 
इस बीच भाजपा उम्मीदवार बृजेंद्र सिंह ने नुक्कड़ सभाओं में लोगों को राष्ट्रवाद का मतलब भी समझाया। कहा, हमारी सेना की ताकत को पूरी दुनिया मानती है। 2014 से पहले भी यही सेना थी लेकिन इसके हाथ बंधे हुए थे। जैसे मोदी ने सत्ता संभाली,  सेना के हाथ खोल दिए गए, उसका परिणाम पूरी दुनिया ने देखा। 1971 के बाद पहली बार हमारी सेना ने बार्डर क्रास किया है।
उन्होंने कहा कांग्रेस दुश्मनों को मारने से डरती थी। उन्होंने कहा, अमेरिका, चीन, ब्रिटेन और रूस कार्रवाई के लिए किसी से नहीं पूछते। इजरायल का उदाहरण देते हुए कहा, छोटा सा देश है इजरायल मगर उसके दुश्मन कांपते हैं। 
बृजेंद्र ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता संभालते ही कांग्रेस की भ्रष्ट व्यवस्था को समाप्त किया। बृजेंद्र सिंह ने  पालुवास, निनान, नाथुवास, कालुवास, ढाणी हरसुख, बवानीखड़ा शहर के अंतरर्गत नायक कालोनी, हनुमान मंदिर, जाट धर्मशाला, बड़ा राजपूत दरवाजा और गुरुद्वारा का दौराकर लोगों से वोट मांगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published.