भाजपा स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार, हरियाणा में सप्ताह भर चलेंगे सेवा कार्य*

स्थापना दिवस पर हर कार्यकर्ता के घर लहराएगा पार्टी का झंडा : धनखड़
चंडीगढ़। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने भी पार्टी के 42वें स्थापना दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर पार्टी पदाधिकारियों को इनके सफलतापूर्वक आयोजन करने की जिम्मेदारी सौंप दी है। इस बार पार्टी ने सेवा कार्यों पर अधिक जोर दिया है।  6 अप्रैल को स्थापना दिवस से लेकर 14 अप्रैल बाबा भीमराव अंबेडकर जयंती तक जनता के बीच विभिन्न सेवा कार्य किए जाएंगे।
आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने बताया कि इस सप्ताह भर में तालाबों की सफाई, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, पोषण शिविर, टीकाकरण शिविर आदि लगाएं जाएंगे। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को सुबह-सुबह प्रदेश का हर कार्यकर्ता अपने घरों व प्रतिष्ठानों पर भारतीय जनता पार्टी का झंडा फहराकर पार्टी के लिए अपनी निष्ठा प्रदर्शित करेगा और देश सेवा का संकल्प लेगा।  धनखड़ ने बताया कि स्मरणोत्सव की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पार्टी कार्यकर्ताओं को वर्चुअल संबोधन के साथ होगी।
सुबह नो बजे पार्टी कार्यकर्ता झंडा फहराएंगे और फिर, देशभक्ति के गीतों और नारों से भरे जुलूस की शुरुआत होगी। धनखड़ ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि सभी पार्टी कार्यकर्ता पीएम मोदी का संबोधन सुनने के लिए सुबह 9.45 बजे तक तैयार रहें।”
इससे पहले शोभा निकालने के निर्देश भी पार्टी कार्यकर्ताओं को हुए हैं। इसके लिए आधा घंटे का समय रखा है ताकि शोभायात्रा के बाद प्रधानमंत्री का संबोधन सुना जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी मंत्री, सांसद से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में एकसाथ बैठकर प्रधानमंत्री का उद्बोधन सुनेंगे।
धनखड़ के मुताबिक 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती भी बूथ स्तर पर मनाई जाएगी। लगभग 20 हजार बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा बाबा साहब की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा इस दिन विभिन्न सेवा कार्य करने और मेधावी विधार्थियों को सम्मानित किए जाने के कार्यक्रम भी तय किए गए हैं। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि एक-एक कार्यकर्ता अपनी पार्टी और समाज के लिए समर्पित है। इसी भावना से 6 अप्रैल से शुरू हुए विभिन्न कार्यक्रम 14 अप्रैल तक चलेंगे। इस अवसर पर उनके साथ प्रदेश मीडिया प्रमुख संजय शर्मा भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.