पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं जल संरक्षण व राष्ट्रीय लोक अदालत बारे आमजन को किया जागरूक
भिवानी । जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के चेयरमैन तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश रमेश चंद्र डिमरी के निर्देशानुसार व प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम हिमांशु सिंह के मार्गदर्शन में विधिक स्वयं सेवकों ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण और राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जागरूक किया। उन्होंने किसानों से पराली या फसल अवशेष नहीं जलाने को कहा।
विधिक स्वयं सेवक विरेंद्र सिंह ने रेवाड़ी खेड़ा व शहर के विभिन्न क्षेत्रों में, जॉली हरसुख की ढाणी क्षेत्र में राजेश बिष्ट, गांव किरावड़ में यशवीर सिंह, भतेरी व सक्षम युवाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों को पौधारोपण, स्वच्छता, पर्यावरण तथा जल संरक्षण, राष्ट्र्रीय लोक अदालत के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण करना हमारा कर्तव्य है, इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने चाहिए तथा उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पर्यावरण का संतुलन निरंतर बिगड़ता जा रहा है। पौधों की अंधाधुंध कटाई होने से भू-जल स्तर निरंतर गिरता जा रहा है। ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव से अत्यधिक गर्मी और अत्यधिक सर्दी होती है। इसी प्रकार से कहीं सूखा तो कहीं बाढ़ के हालात बनते हैं। उन्होंने नागरिकों को अधिक से अधिक पौधारोपण करने को कहा।
उन्होंने प्राधिकरण द्वारा दी जा रही नि:शुल्क सेवाओं, समझौता सदन, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के हेल्प लाइन नंबर 01664-245933, मौलिक अधिकार व कर्तव्य, वरिष्ठ नागरिक अधिनियम, ई श्रम कार्ड, महिलाओं के अधिकार, बाल विवाह निषेध अधिनियम, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, राष्ट्रीय ध्वज सम्मान अधिनियम, स्थाई लोक अदालत, तेजाब पीडि़त व्यक्तियों को मुआवजा देने बारे एवं उनकी पेंशन व फ्री ईलाज तथा हालसा और डालसा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोक अदालत के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।