पंचकूला जोन में 10वीं की परीक्षा में लड़कियों ने मारी बाजी
पिहोवा के पूर्वांशु गर्ग ने व महेंद्रगढ़ की अंजलि ने500/500 अंक प्राप्त किये
चंडीगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं की परीक्षा में हरियाणा के छात्र-छात्राओं ने अपना परचम लहराया है। कुरुक्षेत्र जिले के पिहोवा के पूर्वांशु गर्ग और महेंद्रगढ़ की अंजलि ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है।पूर्वांशु गर्ग ने 500 में 500 अंक हासिल कर इतिहास रचा है। पूर्वांशु पिहोवा के टैगोर पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। पूर्वांशु वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं।पूर्वांशु ने गणित में 100, पंजाबी में 100, सामाजिक विषय में 100, अंग्रेजी में 100 और विज्ञान में भी 100 में 100 अंक हासिल किए हैं। पूर्वांशु के पिता राजेश गर्ग दुकानदार हैं और मां संगीता रानी गृहिणी हैं। महेंद्रगढ़ जिले गांव सिलारपुर की बेटी अंजलि ने 10वीं कक्षा की परीक्षा में 500 में 500 अंक हासिल किया है। अंजलि को ऐच्छिक विषय में भी 100 में 100 अंक मिले हैं।सीबीएसई की 10वीं और 12वीं कक्षा के परिणाम में पंचकूला जोन में लड़कियों ने लड़कों पछाड़ दिया। 10वीं कक्षा परिमणाम में 95303 लड़कों में से 90800 उत्तीर्ण हुए हैं। जबकि 65257 लड़कियों में से 63862 पास हुईं। जोन में कुल 95.28 फीसदी छात्र पास हुए हैं, जबकि 97.86 फीसदी छात्राओं ने सफलता हासिल की है। पंचकूला जोन में सरकारी स्कूल के 95.92, निजी स्कूल के 96.3, जवाहर नवोदय विद्यालय के 99.71, केंद्रीय विद्यालय के 95.67 और सेंट्रल तिब्बतन स्कूल के 86.52 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। अगर बात हरियाणा की करें तो प्रदेश के 86174 छात्रों में से 82031 ने सफलता हासिल की है, जबकि 58576 लड़कियों में से 57304 पास हुईं हैं। प्रदेश में 95.19 प्रतिशत लड़कों ने सफलता हासिल की है। वहीं 97.83 फीसदी लड़कियां उत्तीर्ण रहीं। हिमाचल में 9129 लड़कों में से 8769 ही पास हो सके हैं, जबकि 6681 लड़कियों में से 6558 उत्तीर्ण हुईं। हिमाचल प्रदेश में 98.16 प्रतिशत लड़कियां और 96.06 फीसदी लड़कों ने सफलता हासिल की।