पीयू में सैकड़ों छात्रों ने किया बवाल, आठ हजार में 1200 हो गए फेल होने पर रोष
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के बीकॉम फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स ने आज यहां जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान PU से एफिलिएटिड कई कॉलेजों के स्टूडेंट्स जुटे। बताया गया कि लगभग 8 हजार फाइनल ईयर स्टूडेंट्स में से 1200 के लगभग स्टूडेंट्स एक सब्जेक्ट में फेल हो गए हैं। यह सब कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन की वजह से हुआ। संबंधित सब्जेक्ट का पेपर नियमों के उलट था। वहीं चैकिंग भी ठीक नहीं हुई। ऐसे में स्टूडेंट्स का भविष्य संकट में आ गया है। ग्रेस मार्किंग या रि-एग्जाम की मांग की गई। वहीं एक मेमोरेंडम भी PU अथॉरिटी को सौंपा गया।
कई स्टूडेंट्स एक सब्जेक्ट में फेल हो गए हैं। इसके पीछे वह यूनिवर्सिटी की अथॉरिटी को जिम्मेदार बता रहे हैं, जिसने पेपर सेट किया था। स्टूडेंट्स का आरोप है कि पेपर उचित पैटर्न में नहीं था। इसमें सभी प्रैक्टिकल सवाल थे। एक भी प्रश्न थियोरेटिकल नहीं था। वहीं एग्जाम की चेकिंग भी सही नहीं हुई। एग्जाम स्टूडेंट्स के लिए अप्रत्याशित था और पिछले वर्षों के एग्जाम से बिल्कुल ही अलग था। इसके चलते वह इसमें फेल हो गए। कई स्टूडेंट्स ऑपरेशनल रिसर्च नामक सब्जेक्ट में फेल हुए हैं। शहर के कई कॉलेज PU से एफिलिएटिड हैं और सभी जगह B Com के इस एग्जाम में कई स्टूडेंट्स फेल हुए हैं।
वहीं दूसरी ओर PU के डायरेक्टर पब्लिक रिलेशन्स गौरव गौड़ का कहना है कि यदि स्टूडेंट्स को कोई आपत्ति है तो अथॉरिटी उनकी शिकायत को अवश्य सुनेगी। वह अपनी मांग दे सकते हैं जिस पर विचार किया जा सकता है। स्टूडेंट्स ग्रेस मार्क्स देकर पास करने की मांग कर रहे हैं। DAV कॉलेज, सेक्टर-10 के एक स्टूडेंट ने बताया कि एग्जाम प्रैक्टिकल और थियोरेटिकल दोनों होना चाहिए था। 80 नंबर के एक एग्जाम में 30 नंबर की थ्योरी आनी चाहिए थी। पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-11 की एक स्टूडेंट ने बताया कि 19 जुलाई को एग्जाम हुआ था। करीब 80 प्रतिशत स्टूडेंट्स ने एग्जाम के पैटर्न पर सवाल खड़े किए हैं।
कई बच्चे रिजल्ट से मानसिक तनाव में चले गए हैं। इसमें कुछ किया जाना चाहिए। स्टूडेंट्स को या तो ग्रेस मार्क्स दिए जाने चाहिए और या फिर पैटर्न के हिसाब से दोबारा एग्जाम होना चाहिए। देव समाज कॉलेज फॉर वूमेन, सेक्टर-45 की एक स्टूडेंट ने भी इस एग्जाम को गलत बताया है। कंपार्टमेंट आने के चलते कई स्टूडेंट्स का करियर खराब होने की संभावना है।
कई स्टूडेंट्स ने MBA के लिए अप्लाई किया था और हायर स्टडी के लिए फीस भरी हुई थी। कई ने विदेश में स्टडी के लिए अप्लाई किया हुआ था। उनकी कंपार्टमेंट का एग्जाम अब अगले साल होगा, जिसके चलते कई इंस्टीट्यूट में उनका एडमिशन प्रभावित होगा। शनिवार को ही रिजल्ट आया है। कुल 6 सब्जेक्ट में से ऑपरेशनल रिसर्च एक सब्जेक्ट था। PU अथॉरिटी को मेल भी की गई है, मगर अभी तक कोई जवाब नहीं आया है।