एग्जिट पोल द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से बचें लोग : राहुल गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एग्जिट पोल को फर्जी करार देते हुए कहा कि आने वाले 24 घंटे में सारी स्थिति साफ हो जाएगी। राहुल ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि अगले 24 घंटे काफी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सतर्क और चौकन्ना रहने को कहा है।
राहुल ने कहा कि किसी को डरने की जरूरत नहीं है। कांग्रेस पर भरोसा रखें एवं एग्जिट पोल द्वारा फैलाये जा रहे भ्रम पर ध्यान ना दें। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि खुद पर और कांग्रेस पार्टी पर विश्वास रखें, आपकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 19 मई को देशभर में एग्जिट पोल जारी किए गए। इस एग्जिट पोल में लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी को हारते दिखाया जा रहा है। नतीजों से पहले राहुल गांधी ने अपने कार्यकर्ताओं से निराश नहीं होने और सतर्क रहने की सलाह दी।