भव्य बिश्नोई को मिली बड़ी सफलता, अनेक ने की भाजपा में शामिल होने की घोषणा
—चुली बागड़ियान सरपंच दुर्गेश पूनिया ने समर्थकों सहित थामा भाजपा का दामन
—निर्दलीय उम्मीदवार रहे अनिल व समाजसेवी अभिमन्यु खिचड़ हुए भाजपा में शामिल
हिसार। आदमपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार भव्य बिश्नोई की स्थिति लगातार मजबूत होती जा रही है वहीं कांग्रेस व इनेलो उम्मीदवारों को झटके लग रहे हैं। भाजपा—जजपा गठबंधन नेताओं के दौरों के दौरान लगातार कांग्रेस, इनेलो व अन्य दल छोड़कर नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
रविवार को भाजपा वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर के आदमपुर हलके के दौरे के दौरान सारंगपुर निवासी अशोक कुमार व अभिमन्यु खिचड़ बागवान ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वे देश, प्रदेश में भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों को देखकर पार्टी में शामिल हो रहे हैं। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने इन दोनों का स्वागत किया और कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा सम्मान दिया जाएगा।
भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रमुख अरविंद सैनी ने बताया कि भाजपा में शामिल हुए सारंगपुर निवासी अशोक कुमार पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह के सामने चुनाव लड़ चुके हैं और उनका क्षेत्र में अच्छा सामाजिक दायरा है। इसी तरह अभिमन्यु खिचड़ बागवान भी सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहते हैं और उनका आदमपुर क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है।
इसी बीच आदमपुर उपचुनाव के प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी को एक और बड़ी सफलता मिली जब चुली बागड़ियान गांव के सरपंच दुर्गेश पूनिया ने समर्थकों सहित भाजपा में शामिल होने की घोषणा कर दी। हरियाणा सरकार में मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा, कुरुक्षेत्र से सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक सुभाष सुधा, हिसार के डिप्टी मेयर अनिल सैनी और भाजपा नेता सतीश नांदल की मौजूदगी में दुर्गेश पूनिया ने पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। सभी नेताओं ने दुर्गेश पूनिया का स्वागत किया और कहा कि भव्य विश्नोई की जीत में चुली बागड़ियान गांव और दुर्गेश पूनिया का महत्वपूर्ण योगदान साबित होगा।