रोहतक में कांटे की टक्कर, 9 सीटों पर भाजपा आगे
चंडीगढ । हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण तरीके से सुचारू रूप से चल रहा है। रोहतक लोकसभा सीट पर कांटे की टक्कर है, जबकि अन्य 9 सीटों पर कमल खिलना तय माना रहा है। सभी सीटों पर भाजपा उम्मीदवार भारी मतों से लीड बनाए हुए हैं। खासकर सबसे हॉट सीट सोनीपत पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार पिछड़ रहे हैं और सायं चार बजे तक हुड्डा 1.59 लाख वोटों से पीछे चल रहे थे।
लिहाजा पिता की हार के बाद बेटा गढ़ को बचाने की जद्दोजहद में जुटा हुआ है। फिलहाल भाजपा उम्मीदवार अरविंद शर्मा 2174 हजार से आगे चल रहे हैं।
चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक अंबाला से रतन लाल कटारिया 306133 वोट, भिवानी-महेंद्रगढ़ से धर्मवीर सिंह 420359 वोट, फरीदाबाद से कृष्णपाल गुर्जर 477107 वोट, गुरुग्राम से रावइंद्रजीत सिंह 352959 वोट, हिसार से बृजेंद्र सिंह 307423 वोट, कुरुक्षेत्र से नायब सैनी 364659 वोट, सिरसा से सुनीता दुग्गल 282940 वोटों से आगे चल रही हैं। सबसे ऐतिहासिक जीत करनाल लोकसभा से संजय भाटिया दर्ज कर रहे हैं, भाटिया 652192 वोटों से सभी सीटों पर सबसे ज्यादा लीड में हैं।