जन कल्याणकारी नीतियों को लागू करने वाले सभी विभागों ने लगाई प्रदर्शनी
भिवानी। किरोडीमल पार्क में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक आकर्षणों के साथ-साथ सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों को लागू करने वाले सभी विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। विभागों के साथ-साथ सामाजिक संस्थाओं के द्वारा भी स्टॉल लगाई गई। स्कूली बच्चों के अलावा आमजन दिनभर प्रदर्शनी को देखने आए। तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज करने पहुंचे मुख्य अतिथि सांसद धर्मबीर सिंह ने सभी स्टॉल का अवलोकन किया। इस दौरान एसडीएम संदीप अग्रवाल, सीटीएम हरबीर, अधीक्षक अभियंता रणबीर सिंह, भाजपा के जिला प्रधान शंकर धूपड़, ठाकुर विक्रम सिंह, सुनील नंबरदार सहित विभिन्न अधिकारीगण साथ रहे।
गीता महोत्सव में विभागों की तरफ से लगाई गई प्रदर्शनी में सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं को लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
प्रदर्शनी के प्रारंभ में गीता मनीषी ज्ञानानंद महाराज के सानिध्य में चल रही श्री कृष्ण कृपा सेवा समिति के साधकों द्वारा 18 अध्याय और 700 श्लोकों से सजी श्रीमद् भगवत गीता को स्थापित किया गया है। इसी तरह राष्ट्रीय शहरी व ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत ग्रामीण स्तर पर स्थापित स्वयं समूहों के गठन को लेकर भी लगाई गई प्रदर्शनी में जानकारी दी जा रही है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम के तहत लगाई गई प्रदर्शनी में महिलाओं के लिए सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी, स्वतन्त्रता सेनानी उत्तराधिकारी कल्याण मंच, भारत स्काउट एवं गाइड, चंद्रशेखर आजाद ओपन ग्रूप, विश्व हिंदू परिषद के स्टाल पर सनातन धर्म व गीता ज्ञान के बारे में जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग द्वारा शिक्षा व खेल क्षेत्र, स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, शुगर, एचबी की जांच भी गई। आयुष विभाग द्वारा रोगों के आयुर्वेद पद्धति से निवारण को लेकर जागरूक किया गया। डीएचबीवीएन द्वारा सरचार्ज माफी व घरेलू व वाणिज्य उपभोक्ताओं को दिए गए लाभ की जानकारी दी गई। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा सबंधित योजनाओं, जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा पानी बचाने के प्रति जागरूकता, कृषि विभाग द्वारा भूमि की जांच, बागवानी विभाग द्वारा फलों एवं सब्जियों की जानकारी दी गई। पशुपालन एवं मत्स्य विभाग द्वारा सबंधित स्कीमों की जानकारी, परिवहन प्राधिकरण व यातायात पुलिस की स्टाल पर परिवहन व यातायात के बारे में जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवाएं द्वारा कानूनी जानकारी, नगर परिषद भिवानी द्वारा साफ सफाई, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा चिनार कपड़ा व तुलसी डिटर्जेंट को लेकर, अग्रणी बैंक द्वारा बैंक से सबंधित सेवाओं की जानकारी दी गई।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की प्रदर्शनी में आध्यात्मिकता को लेकर जागरूक किया गया। इसके अलावा भिवानी पब्लिक स्कूल, केएम पब्लिक स्कूल, जन सेवा विद्या विहार, सर्वपल्ली राधाकृष्ण, दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की स्टालों पर सांस्कृतिक स्टॉल सजाई गई। प्रदर्शनी को देखने के लिए न केवल शहर से बल्कि ग्रामीण क्षेत्र से भी लोग व स्कूली बच्चे पहुंच रहे हैं।