हिसार दूरदर्शन केंद्र चंडीगढ़ स्थानांतरित होते ही बेरोजगार हो जाएंगे 40 कर्मचारी

चंडीगढ़। पूर्व उप प्रधानमंत्री स्वर्गीय ताऊ देवीलाल की स्मृति में करीब 21 साल पहले हिसार में बने दूरदर्शन केंद्र को 15 जनवरी से चंडीगढ़ स्थानांतरित करने के खिलाफ बेरोजगार हो रहे कर्मचारियों, एंकर व अन्य कर्मचारियों ने दूरदर्शन हिसार बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले धरना शुरू कर दिया है।धरने को आम आदमी पार्टी के नेता दलबीर किरमारा के अलावा नरेंद्र कौशिक धरती पकड़, सेक्टर रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, ग्रंथ अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष कमलेश भारतीय, सावित्री बुगालिया समर्थन दिया। धरने पर बैठे प्रभावित कर्मचारी शक्ति शर्मा, मंजू सिंधु, कामिनी मलिक, ललिता, विवेक ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से संपर्क किया लेकिन आज तक उनका कोई जवाब नहीं आया है। उन्होंने बताया कि दूरदर्शन केंद्रों को अपग्रेड करने के लिए केंद्र सरकार ने हजारों करोड़ रुपये का बजट जारी किया है लेकिन हिसार दूरदर्शन केंद्र को अपग्रेड करने की बजाय बंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिसार दूरदर्शन केंद्र को चंडीगढ़ स्थानांतरित करने के बाद 40 के करीब अस्थाई एंकर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, सुरक्षाकर्मियों, वीडियो एडिटर आदि बेरोजगार हो जाएंगे। इसके अलावा इस केंद्र से हिसार व आसपास के जिलों के काफी कलाकार भी जुड़े हुए हैं और उनकी भी आमदनी होती है। इस केंद्र के माध्यम से हरियाणवी संस्कृति, लोकगीत, रागनियों के काफी कार्यक्रम ग्रामीण अंचल में प्रसारित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ केंद्र में हरियाणवीं संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों का प्रोडक्शन व प्रसारण संभव ही नहीं है। इस केंद्र के अलावा हरियाणा में दूसरा कोई केंद्र भी नहीं है, इसलिए इसको स्थानांतरित करने का आदेश शीघ्र वापस लेना चाहिए। यहां बता दें कि हिसार दूरदर्शन केंद्र का उद्घाटन तत्कालीन केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्वर्गीय सुषमा स्वराज ने 26 सितंबर, 2001 को किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published.