नरेन्द्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने से भारत में राजनीतिक स्थिरता आई : राम बिलास शर्मा
चंडीगढ़, । हरियाणा के शिक्षामंत्री राम बिलास शर्मा ने कहा है कि कई दशक बाद भारत में राजनीतिक स्थिरता आई है। ऐसा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेता नरेन्द्र मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने से संभव हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेृतत्व में भारत तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह बात गुरुवार को लंदन में ब्रिटिश पार्लियामेंट के ‘हाउस ऑफ लार्ड्स’ में कॉन्फ्रेंस के दौरान कही। इसका आयोजन ‘क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन’ ने किया। कॉन्फ्रेंस में यूके के कई सांसदों के अलावा भारत और लंदन के विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
शर्मा ने लंदन के प्रतिनिधियों को सहयोग का आश्वासन देते हुए हरियाणा में शैक्षणिक संस्थान खोलने का निमंत्रण दिया। हरियाणा के सूरजकुंड में फरवरी 2020 में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में भागीदारी करने का न्योता भी दिया। शर्मा ने यूके का इसके लिए धन्यवाद किया कि उनके 49 सांसदों ने एक प्रस्ताव पर हस्ताक्षर कर 1919 के जलियांवाला नरसंहार के लिए खेद प्रकट किया है। शिक्षामंत्री ने कहा, भारतीय जीवन दर्शन विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। भारतीय सभ्यता एवं संस्कृति का पूरी दुनिया अनुसरण कर रही है। इस अवसर पर ‘क्वीन मैरी यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन’ के सीन-ओ-कॉन्नोर ,हेड ऑफ ग्लोबल प्रोजेक्ट्स ऐंड पॉलिसी आदि ने शर्मा का अभिनंदन किया। उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की।