मुख्यमंत्री मनोहर लाल मिले पूर्व मंत्री गुप्ता से
करनाल । मुख्यमंत्री मनोहर लाल तय कार्यक्रम से इतर सोमवार देररात अचानक पूर्वमंत्री जयप्रकाश गुप्ता के निवास पर पहुंचे और मुलाकात की। मुख्यमंत्री के काफिले के घर के बाहर रुकते ही गुप्ता और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। सबने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने जयप्रकाश के साथ खुशी साझा करते हुए सावन माह की प्रचलित मिठाई घेवर मंगवाकर खायी। जयप्रकाश ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आस्था जताई। मुख्यमंत्री ने कहा तभी तो हम आज साथ-साथ हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ओएसडी अमरेन्द्र सिंह, भाजपा के जिलाध्यक्ष जगमोहन आनन्द, केशकला बोर्ड के उपाध्यक्ष यशपाल ठाकुर आदि मौजूद थे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शाम करीब सात बजे पीडब्ल्यूडी के विश्राम गृह पहुंचे। उन्होंने करनाल में ही रात्रि विश्राम किया।