ममता सौदा ने ओशिनिया के सबसे ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा

जगदीप (हिंद जनपथ )पंचकूला- मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नही है, ऐसा ही कुछ ममता सौदा ने फिर से कर दिखाया है। माउंट एवरेस्ट, अफ्रीका में माउंट किलिमंजारो और यूरोप में माउंट एल्ब्रस को फतह करने के बाद  ममता ने एक और कीर्तिमान अपने नाम करते हुए ओशिनिया की सबसे ऊँची चोटी कारस्टेंसज पिरामिड पर तिरंगा फहराया है। उनका अभियान 22 मार्च, 2019 को सम्पन्न हुआ। हरियाणा पुलिस में डीएसपी के पद पर तैनात ममता सौदा ने माउंट कारस्टेंसज पर फतह को एक शानदार उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब उनका उद्देश्य शेष महाद्वीपों में सबसे ऊंची चोटियों को फतह करना है। इससे पहले, उन्होने 2010 में माउंट एवरेस्ट, 2012 में माउंट एल्ब्रस व 2013 में किलिमंजारो पर फतह कर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि मैंने एशिया, अफ्रीका, यूरोप और ओशिनिया की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया है और अब उनका लक्ष्य दुनिया के सात शिखर पर चढ़ना है।उन्होंने पर्वतारोहण अभियान में सहयोग देने के लिए हरियाणा पुलिस के साथ-साथ राज्य सरकार को भी धन्यवाद किया।दुनिया की सबसे ऊंची चोटियों में से एक कारस्टेंसज पिरामिड, इंडोनेशिया के बेहद दुर्गम और बीहड़ पश्चिमी पापुआ क्षेत्र में 4,884 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है। शिखर को हिमालय और एंडीज के बीच उच्चतम बिंदु के रूप में भी जाना जाता है, जिसे दुनिया में ‘आईलैंड पीक‘ के रूप में जाना जाता है।ममता सौदा एक भारतीय खिलाड़ी हैं, जिन्हें 2010 में माउंट एवरेस्ट को फतह करने के सफल प्रयास के लिए जाना जात है। पर्वतारोहण खेल में उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए उन्हें भारत सरकार द्वारा 2014 में देश के चोथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।इस अभियान को सफल बनाने के लिए रिको, ओएनजीसी और सेंट मार्गेट स्कूल प्रबंधन ने ममता सौदा की सहायता की।

1 thought on “ममता सौदा ने ओशिनिया के सबसे ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा

Leave a Reply

Your email address will not be published.